सीधी जिले के अंतर्गत ग्राम भदौरा में शनिवार के दिन ग्रामीणों ने सैकड़ों की संख्या में आकर ट्रेन का रास्ता रोक दिया। इसके बाद तीन घंटे तक रेलवे विभाग के कर्मचारी परेशान होते रहे। जहां बड़ी समझाइश के बाद आखिरकार लोगों को तितर-बितर किया गया और आश्वासन के बाद उनका आंदोलन खत्म किया गया। यह आंदोलन आनंद सिंह ददुआ समाजसेवी के नेतृत्व में किया गया था। जहां सैकड़ों लोगों ने भदौरा रेलवे स्टेशन में बीच रेलवे लाइन में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, यह आंदोलन शनिवार सुबह 11 बजे से किया गया। जहां लगातार पांच बजे तक यह आंदोलन चला और लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। लोगों की यह मांग थी कि भदौरा में ओवरब्रिज बनाया जाए, ताकि लोगों के लिए रास्ता सुगम हो सके और जाम से निजात मिल सके। अंडरब्रिज में पानी भर जाता है, जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही रेलवे का स्टापेज हो, केवल अभी मेमो ट्रेन यहां रूकती है। इसकी वजह से सीधी जिले के आदिवासी अंचल के लोग काफी परेशान हैं और वह मुख्य मार्ग तक पहुंच नहीं पाते हैं। वहीं, दूसरे जगह पर जाने के लिए उन्हें बस और टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है।
प्रदर्शनकर्ता समाज से भी आनंद सिंह ददुआ ने बताया है कि इस लाइन से एक ट्रेन लोकल जाती है। इसके अलावा कई ऐसे ट्रेन हैं, जो साप्ताहिक व दैनिक रूप से चलती हैं। लेकिन सिर्फ मेमो ट्रेन ही यही रूकती है। इसके अलावा यहां कोई भी ट्रेन नहीं रुकती है। जबकि जबलपुर जाने के लिए सबसे अच्छा साधन इंटरसिटी व शक्तिपुंज एक्सप्रेस है, जो कि कटनी और जबलपुर को जोड़ती है। लेकिन दोनों ट्रेन का स्टॉपेज इस स्थान पर नहीं दिया गया, जबकि हमने कई बार मार्ग भी की है। लेकिन उसके बाद भी क्षेत्रीय प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी इस बात पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा, अगर किसी बीजेपी का बड़ा नेता या अन्य लोग इस आवाज को उठाते तो तत्काल यहां रेलवे रुक जाती। लेकिन अगर कोई नेता इस आवाज को नहीं उठा रहा है तो यहां ट्रेन नहीं रुक रही है।
वहीं, पूरे मामले को लेकर पोड़ी चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि सैकड़ों की संख्या में लोग रेलवे का रास्ता ब्लॉक कर दिए हैं। वहीं, पटरी पर ही बैठ गए हैं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को हमने सूचना दी और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है और कोई भी अप्रिय घटना न हो इसके लिए हम पूरी तरह से सजग हैं। साथ ही एसडीएम और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और लोगों को समझाइश दे रहे हैं।