श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज वैशाख शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि शनिवार की सुबह 4 बजे हुई भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत पूजन-अभिषेक कर आकर्षक स्वरूप में शृंगार किया गया। शृंगार के बाद बाबा महाकाल को भस्म रमाई गई। इस दौरान भक्तों ने इन दिव्य दर्शनों का लाभ लिया और जय श्री महाकाल के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि वैशाख शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि शनिवार पर आज श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल का विशेष शृंगार किया गया। इस दौरान भस्म आरती के लिए सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलते ही पंडे पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर फलों के रस से बने पंचामृत को अर्पित कर किया। इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मोगरे की माला धारण करवाई गई। आज के शृंगार की विशेष बात यह रही कि आज बाबा महाकाल को मस्तक पर त्रिपुंड से सजाया गया। शृंगार के बाद बाबा महाकाल के ज्योतिर्लिंग को महानिर्वाणी अखाड़े के द्वारा भस्म रमाई गई और फिर कपूर आरती कर भोग भी लगाया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने बाबा महाकाल के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और बाबा महाकाल की भक्ति में लीन होकर जय श्री महाकाल का उद्घोष करने लगे।
ये भी पढ़ें-
अमृतस्य मध्यप्रदेश’ की प्रस्तुति: सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की झलक से प्रभावित हुए दर्शक
अन्नक्षेत्र में खाद्य सामग्री दान में प्राप्त
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित निःशुल्क अन्नक्षेत्र में श्री महाकालेश्वर भगवान के भक्त मनीष मीणा व गौरव चौधरी द्वारा समाजसेवी पप्पू बौरासी की प्रेरणा से 105 किलो पोहा और 1100 किलो आटा सामग्री दान प्राप्त हुई। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित अन्नक्षेत्र के प्रभारी मनीष तिवारी द्वारा दानदाता को रसीद प्रदान कर धन्यवाद ज्ञापित किया। ज्ञात हो कि श्री महाकालेश्वर मंदिर की सभी व्यवस्थायें दान के माध्यम से ही संचालित होती हैं। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित नि:शुल्क अन्नक्षेत्र, गौशाला आदि में भी अपनी श्रद्धानुसार अन्न दान भी करते हैं। समय–समय पर मंदिर के अधिकारी/ पुजारी/पुरोहितों/मंदिर प्रबंध समिति सदस्यों व कर्मचारियों के माध्यम से भी भक्तों को मंदिर में दान करने हेतु प्रेरित किया जाता है।
ये भी पढ़ें-
सांपों की गिनती को लेकर वन विभाग असमंजस में, अब डब्ल्यूआईआई को दिशा निर्देश के लिए लिखेगा पत्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया पूजन अर्चन
आद्य जगद्गुरु शंकराचार्य जयंती पर श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में श्री चंद्रादित्येश्वर महादेव मंदिर में स्थापित शंकराचार्य मंदिर मे खजुराहो से सांसद और प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत शर्मा, एकात्मता न्यासधाम के न्यासी मुकुल कानिटकर एवं विधायक उज्जैन (उत्तर) अनिल जैन कालूहेडा, भा.ज.पा. शहर अध्यक्ष संजय अग्रवाल आदि द्वारा आद्य गुरु श्री शंकराचार्य का पूजन किया गया। पूजन आशीष पुजारी और विकास पुजारी द्वारा सम्पन्न करवाया गया।