उज्जैन में रौनक गुर्जर के घर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के पीछे गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। पुलिस भी शुरुआती जांच में इसे गैंगवार से जुड़ा मामला मान रही है, हालांकि अभी तक किसी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
यह है पूरा मामला
ढांचा भवन इलाके का 11 अप्रैल की रात का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में रौनक गुर्जर के मकान के बाहर कुछ बदमाश खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनके हाथों में चाकू और अन्य हथियार हैं। वहीं उनके कुछ साथी पास में दोपहिया वाहनों पर बैठे नजर आते हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक बदमाश बोतल में भरा पेट्रोल मकान पर डालता है, जबकि दूसरा आरोपी चिंगारी दिखाता है। इसके बाद देखते ही देखते मकान में आग लग जाती है।
पढ़ें: कटारा हिल्स गोलीकांड का खुलासा, फीस के पैसों से खरीदी पिस्टल; एआई से बनाई थी फर्जी रसीद
घटना के दौरान सड़क पर पेट्रोल फैल जाने से दो बदमाश खुद ही आग की चपेट में आ गए और मौके से भागते नजर आए। सीसीटीवी फुटेज में उनके कपड़ों में आग लगी हुई साफ दिखाई दे रही है। हमले के दौरान फायरिंग की भी बात सामने आई है। इस बीच एक 14 वर्षीय बच्ची बाल-बाल बच गई, जो उस समय अपनी मां के साथ घटनास्थल से गुजर रही थी। चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी विवेक कनोडिया के मुताबिक, “सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।