उमरिया जिला मुख्यालय में 15 अगस्त का दिन देशभक्ति और उत्साह से भरा रहा। अमर शहीद स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह बड़े ही गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश पढ़ा। इसके बाद वे खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण करने पहुंचे और सुरक्षा बलों के जवानों को सलामी दी।
मुख्य मंच पर कलेक्टर जैन के साथ पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, अपर कलेक्टर अभय सिंह, विधायक शिवनारायण सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल मौजूद रहे। इस अवसर पर शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनकी वीरता और बलिदान को नमन किया गया।
समारोह में जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देश के वीर जवानों और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को समर्पित गीत, नृत्य और लघु नाटकों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर गूंजती तालियों ने कलाकारों का उत्साह और बढ़ा दिया।
मुख्य आयोजन के अलावा जिले के विभिन्न सरकारी और सामाजिक संस्थानों में भी ध्वजारोहण समारोह आयोजित हुए। संयुक्त कलेक्टर भवन में कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी निवेदिता नायडू, वन मंडल कार्यालय में डीएफओ विवेक सिंह ने ध्वजारोहण किया। बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व कार्यालय में क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
ये भी पढ़ें:
डंपर ने मारी टक्कर, स्वतंत्रता दिवस समारोह में शिरकत करने जा रहे छात्र की मौत; तीन साथी घायल
राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया गया। भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल और कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रगान गाया। इन अवसरों पर सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया। मौसम ने भी इस बार साथ दिया। आसमान में बादल जरूर छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई, जिससे सभी कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुए। अमर शहीद स्टेडियम में सुबह से ही नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचने लगे थे।
ये भी पढ़ें:
किले में कैद थे 370 फिरंगी, बाहर क्रांतिकारियों का डेरा, सात माह बाद ऐसे बचे
स्वतंत्रता दिवस समारोह पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार सक्रिय रहे ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मैदान को तिरंगे झंडों, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।