जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते जलस्रोतों में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में जोहिला बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद रविवार को बांध प्रबंधन ने पांच गेट खोल दिए। गेट खोलने से पहले आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया और लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर सावधानी बरतने की अपील की गई।
जोहिला बांध प्रबंधन के अनुसार जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए बांध के पांच गेट खोले गए हैं। इनमें गेट नंबर 2 को 2 मीटर, गेट नंबर 3 को 3 मीटर, गेट नंबर 4 को 3 मीटर, गेट नंबर 5 को 2 मीटर और गेट नंबर 6 को 2 मीटर तक खोला गया है। इस तरह सभी पांच गेटों को मिलाकर कुल 12 मीटर तक खोला गया है। गेट खुलने के बाद बांध से पानी का तेज बहाव देखने को मिल रहा है।
गेट खुलने की सूचना मिलते ही पहुंचने लगे लोग
जोहिला डैम के पांच गेट खुलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बांध का नजारा देखने पहुंचने लगे। शिवम गुप्ता ने बताया कि जैसे ही उन्हें पांच गेट खुलने की जानकारी मिली, वे तत्काल डैम पहुंच गए। उन्होंने कहा कि बारिश के इस मौसम में पहली बार एक साथ पांच गेट खोले गए हैं। डैम से निकलते पानी का दृश्य काफी आकर्षक दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें- एमपी में मानसून सक्रिय फिर भी बारिश का कोटा अधूरा, 20% कमी, 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
माला गुप्ता ने बताया कि एक साथ पांच गेट से पानी का बहाव देखना काफी रोमांचक है। इसकी जानकारी मिलने के बाद धीरे-धीरे अन्य लोग भी डैम के पास पहुंच रहे हैं। हालांकि सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जो लोगों को पानी के बेहद नजदीक जाने से रोक रहे हैं।
24 घंटे में 10.9 मिमी बारिश दर्ज
अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 10.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बांधवगढ़ तहसील में 5.7, मानपुर में 38.6, पाली में 10.8, नौरोजाबाद में 7.2, चंदिया में 7.1, करकेली में 4.9 तथा बिलासपुर में 1.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है। 1 जून से 9 अगस्त तक जिले में कुल 514.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसमें बांधवगढ़ में 613.9, मानपुर में 466.2, पाली में 586.4, नौरोजाबाद में 571.8, चंदिया में 430.7, करकेली में 545.4 और बिलासपुर में 385 मिलीमीटर वर्षा शामिल है।
पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 846.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी। इस वर्ष अब तक बारिश का आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में कम है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से जोहिला बांध का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसी को देखते हुए बांध प्रबंधन द्वारा जल निकासी के लिए पांच गेट खोले गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।