अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ, नई दिल्ली की नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होगा। यह कार्यक्रम अजमेर के जेएलएन मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में होगा।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम में होंगे शामिल
समारोह का शुभारंभ प्रातः झंडारोहण के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात विधिवत कार्यक्रम प्रारंभ होगा। सुबह 11 बजे राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के प्रथम राष्ट्रीय प्रधान रामपाल जांगिड़ करेंगे। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कई राज्यों की महिलाओं को बनाया गया है सदस्य
महासभा की नवगठित महिला कार्यकारिणी में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित महिलाओं को शामिल किया गया है। ये सभी महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में समाज सेवा, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। कार्यकारिणी का गठन समाज में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि वे सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में नेतृत्व प्रदान कर सकें।
विधानसभा अध्यक्ष भी कार्यक्रम में होंगे शामिल
समारोह में कई अति विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मंत्री मंजू बाघमार, विधायक अनिता भदेल साथ ही रामगोपाल, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड से जुड़े प्रतिनिधि भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इन गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी से समारोह की गरिमा और बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें: कन्हैयालाल के परिवार को अब तक क्यों नहीं मिला न्याय? अमित शाह के राजस्थान दौरे पर गहलोत का निशाना
शपथ ग्रहण समारोह केवल कार्यक्रम नहीं: आयोजक
आयोजकों के अनुसार यह शपथ ग्रहण समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की महिलाओं को संगठित कर उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास है। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, सामाजिक एकता और संगठन की भावी कार्य योजना पर भी चर्चा की जाएगी। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं और युवा वर्ग के लोग शामिल होकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।