अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में स्थित रूपवास पुलिया पर देर शाम एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में बाइक सवार हेमंत सैनी (35 वर्ष) निवासी 60 रोड, शिव कॉलोनी की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हेमंत सैनी बाइक से तानिया रिसोर्ट की ओर से आ रहे थे, जहां वह स्टोर का काम देखते थे।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर से हुई टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। ट्रैक्टर मालिक का नाम रोहतास बताया जा रहा है, जबकि ट्रैक्टर में जसवंत नामक युवक सवार था, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जसवंत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें- Jhalawar Accident: बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में चार लोगों की मौत, जीप चालक फरार; मची अफरातफरी
परिवार में शोक, पुलिस ने शुरू की जांच
हेमंत सैनी के दो छोटे बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है, जिसका पोस्टमार्टम कल सुबह कराया जाएगा। मामले की जांच एएसआई गीता सैनी द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।