राजधानी के वीवीआईपी क्षेत्र चार इमली में चलती कार का गेट खोलकर उसकी छत पर स्टंट करने वाले युवक को हबीबगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कॉलेज छात्र बताया जा रहा है। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है।
हबीबगंज थाना पुलिस के अनुसार चलती कार पर स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। वीडियो में कार का नंबर एमपी-04-सीवी-3472 दिखाई दिया।
ये भी पढ़ें: MP: सगे भाई-बहनों में ईर्ष्या से बढ़ती मानसिक विकृति पर हाईकोर्ट चिंतित, स्कूल-कॉलेजों के लिए ये निर्देश
वाहन नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी के भोपाल स्थित स्टर्लिंग कैंपस निवास पहुंची, जहां युवक श्रेष्ठ परमार मिला। उसने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए उसी ने स्टंट किया था। वायरल वीडियो का मिलान आरोपी से किया गया, जिसके बाद उसके खिलाफ बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
कार उसके पिता के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और पिता को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। भोपाल यातायात पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि सड़कों पर स्टंट करने वाले सीधे जेल जाएंगे।