अलवर राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा रीट का आज पहला दिन है। यह परीक्षा दो दिन तक आयोजित की जाएगी। आज अभ्यर्थी परीक्षा सेंटर पर पहुंचे, जहां परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की लंबी लाइन देखी गई। वहां अभ्यर्थियों को पूरी चेकिंग के बाद बायोमेट्रिक मशीन से एंट्री दी गई। समय से सिर्फ कुछ सेंकड की देरी पर ही अभ्यर्थियों को एग्जाम सेंटर पर प्रवेश नहीं दिया गया। वहीं, वंचित रहे अभ्यर्थी और उनके परिजनों का कहना है कि परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए गूगल मैप की सहायता ली गई, लेकिन गूगल गेट की लोकेशन बता रहा था। घूम फिरकर कर जब सही गेट पर पहुंचे तो कुछ सेकेंड देरी के कारण परीक्षा से वंचित कर दिए गए। पहले गेट पर अंदर तक ले लिया गया उसके बाद अभ्यर्थियों को बाहर निकाल दिया गया।
उत्तरप्रदेश से आई अभ्यर्थी सपना ने बिखलते हुए कहा कि वह 4 वर्ष से इस एग्जाम की तैयारी कर रही थी, लेकिन गूगल मैप की वजह से परीक्षा छूट गई। अलवर तो समय पर आ गई, लेकिन सही गेट पर नहीं पहुंच पाई कोई भी सुविधा नहीं है। कहीं भी हेल्प डेस्क दिखाई नहीं दी, जिसकी वजह से आज परीक्षा से वंचित रह गई।
तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
अलवर जिले में 77 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हो रही है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर के दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित कराकर परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा के आज प्रथम पारी में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक लेवल प्रथम और द्वितीय पारी में दोपहर 3 बजे से सायं 5ः30 बजे तक लेवल द्वितीय एवं 28 फरवरी को तृतीय पारी में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक लेवल द्वितीय की परीक्षा सम्पन्न होगी। परीक्षा को पारदर्शिता से संचालित करने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में करवाई जा रही। हर परीक्षा केंद्र पर 6 पुलिस कर्मियों का जप्ता लगाया जा रहा है। तीन स्तरीय की फ्लाइंग स्क्वायड बनाई गई है। तीन परीक्षा केंद्रों पर एक शिक्षक विभाग का प्रिंसिपल रैंक अधिकारी को लगाया गया। पांच परीक्षा केंद्रों पर जोनल फ्लाइंग बनाई गई है, जिसमें तहसीलदार थाना प्रभारी रैंक के अधिकारी है और दस परीक्षा केंद्रों पर जो फ्लाइंग स्क्वायड बनाई है। उसमें ताजी प्रशासनिक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बिना प्रवेश पत्र और आई डी के प्रवेश नहीं दिया जा रहा है और बायोमेट्रिक से ही पहचान की जा रही है। इसके अलावा जहां भी पेपर कलेक्शन केंद्र हैं, जहां पेपर खुलेंगे। वहां सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी की गई है। इस परीक्षा में अलवर राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश हरियाणा और दिल्ली से भी परीक्षार्थी पहुंचे हैं।
प्रत्येक दस केंद्रों पर एक एरिया सतर्कता दल
रोडवेज बसों की समुचित व्यवस्था की गई है। रोडवेज स्टैंड और बस स्टैंड पर हेल्प डेक्स हैं। परीक्षा के लिए अलवर जिला मुख्यालय एवं उपखण्ड मालाखेड़ा और रामगढ़ में 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक राजकीय केंद्राधीक्षक व राजकीय अतिरिकत केंद्राधीक्षक, 25 राजकीय परीक्षा केंद्र एवं 49 निजी परीक्षा केंद्र हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर 22 हजार 59 परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक 10 केंद्रों पर एक एरिया सतर्कता दल, प्रत्येक पांच परीक्षा केंद्र पर एक जोनल सतर्कता दल, 74 पेपर कोआर्डिनेटर दल, 25 ओएमआर कम फ्लाइंग दल, 15 जोनल फ्लाइंग दल, 8 एरिया फ्लाइंग दल और 74 फील्ड सुपरवाइजर दल नियुक्त किए गए हैं।