टपूकड़ा थाना क्षेत्र में बारूद में धमाका होने से एक ही परिवार के तीन बच्चे झुलस गए। वहीं, तिजारा थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर माफी में 11वीं कक्षा का एक छात्र 11 हजार केवी की विद्युत लाइन के संपर्क में आने से गंभीर रूप से झुलस गया।
हाई वोल्टेज करंट से छात्र झुलसा
तिजारा थाना क्षेत्र के हसनपुर माफी गांव निवासी 18 वर्षीय इसूब पुत्र दिलावर शनिवार रात घर की लाइट जाने पर पास में मौजूद ट्रांसफार्मर की टंकी खोलने गया था। इसी दौरान उसका प्लास 11 हजार केवी की विद्युत लाइन से टकरा गया, जिससे उसके हाथ और पैर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उसे तुरंत तिजारा अस्पताल ले गए, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर के सामान्य चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बारूद में धमाके से तीन बच्चे झुलसे
टपूकड़ा थाना क्षेत्र के गोपाल चौक के पास रहने वाले एक मजदूर परिवार के तीन बच्चे बारूद में धमाका होने से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पलवल (अलीगढ़) निवासी दीपू कश्यप अपनी पत्नी रश्मि और चार बच्चों के साथ टपूकड़ा में रहकर मजदूरी करता है। शनिवार सुबह पति-पत्नी काम पर चले गए थे, तभी उनके बच्चे—11 साल की लता, 9 साल की निधि और 7 साल का हरीश पड़ोस में हुई शादी में जले हुए पटाखों से बारूद एकत्रित कर रहे थे।
खेल-खेल में उन्होंने बारूद में आग लगा दी, जिससे तेज धमाका हुआ। इस हादसे में निधि का चेहरा बुरी तरह झुलस गया, जबकि लता और हरीश भी गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों बच्चों को गंभीर हालत में पहले टपूकड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया। सभी को सामान्य चिकित्सालय के बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।