शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ौदा मेव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली से जयपुर जा रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ जाने पर चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार घायल परिवार दिल्ली निवासी चेतन आहूजा का है। चेतन अपने परिजनों के साथ तीन गाड़ियों में सवार होकर जयपुर स्थित अपने मामा के घर आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सबसे आगे चल रही कार को चेतन स्वयं चला रहे थे।
ये भी पढ़ें: केदारनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश में मारे गए पायलट राजवीर, चार महीने पहले ही बने थे जुड़वां बच्चों के पिता
कार में चेतन के साथ उनकी पत्नी करिश्मा (28), बेटा कव्यांश (12), पिता सुरेंद्र कुमार आहूजा (65), मां सुरजीत कौर (60) और घरेलू सहायिका आरती कुमारी (22) सवार थीं। बड़ौदा मेव के समीप हाईवे पर अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। चेतन ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और उन्होंने सभी घायलों को अलवर के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिवार के सदस्य मनीष कुमार ने बताया कि चेतन आहूजा दिल्ली के आजाद मार्केट में कपड़ों का बड़ा कारोबार करते हैं। पूरा परिवार उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई। फिलहाल सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।