अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोपाल टॉकीज के पीछे कबीर कॉलोनी में चोरों ने एक मकान के सूने कमरे का ताला तोड़कर 6 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। चोरी की यह वारदात दीपक पुत्र पप्पूमल प्रजापति के घर में हुई। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय परिवार नीचे सो रहा था, जबकि चोर ऊपर कमरे का ताला तोड़कर नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात की है। दीपक अपने परिवार के साथ ससुराल गया हुआ था। लौटने पर उसने ऊपर कमरे का ताला टूटा पाया। पुलिस को सूचना दी गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
ये भी पढ़ें: बाड़मेर के सरपंच दंपती स्वतंत्रता दिवस समारोह के खास मेहमान, नई दिल्ली से मिला विशेष आमंत्रण
घर की मालकिन गुड्डी ने बताया कि चोरी हुए छह लाख रुपये में से तीन लाख उसके पिता ने, एक लाख सास ने और दो लाख रुपये उन्होंने खुद ऊपर मकान बनाने के लिए जुटाए थे। यह रकम और जेवर एक ही संदूक में रखे थे। चोर को इस बारे में जानकारी थी, इसलिए उसने सीधे उसी संदूक का ताला तोड़ा और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गया। पुलिस का मानना है कि चोर संभवत: घर के किसी परिचित को हो सकता है, क्योंकि नीचे के कमरे को छेड़ा भी नहीं गया। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।