अरावली विहार थाना पुलिस ने घर में घुसकर जानलेवा फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी रामेश्वर लाल ने बताया कि मामला 27 फरवरी 2025 का है। रूपवास रेलवे फाटक के पास साइड देने को लेकर दीपचंद मीणा और आरोपी अनुराग केतन के बीच कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद ने बाद में रंजिश का रूप ले लिया। इसके बाद अनुराग केतन ने अपने साथी परमजीत गुर्जर के साथ मिलकर दीपचंद के घर में घुसकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
पढ़ें: प्रदेश को जल्द मिलेगा पुलिस का नया मुखिया, यूपीएससी ने इन तीन नामों के पैनल को दी मंजूरी; जानें कौन
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों मुख्य आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अरावली विहार थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की और तकनीकी सहायता के आधार पर मुख्य आरोपी अनुराग केतन और परमजीत गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी पकड़ा है, जिसने घटना में इनकी मदद की थी।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन का पीसी रिमांड लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश भी जारी है। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले दोनों मुख्य आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।