अलवर में रविवार को टाइगर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें हजारों लोग शामिल हुए और प्रधानमंत्री मोदी के "क्विक इंडिया, फिट इंडिया" के सपने को साकार करने के लिए दौड़े। इस मैराथन के साथ ही सांसद खेल उत्सव का भी समापन हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में जिले के युवाओं और बच्चों ने भाग लिया। मैराथन में भाग लेने के लिए मुंबई तक से युवक-युवतियां अलवर पहुंची थीं। दिव्यांगजनों ने भी मैराथन में हिस्सा लिया, जो व्हीलचेयर से दौड़ में शामिल हुए।
मैराथन के समापन पर सांसद और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने इस मैराथन में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस मैराथन में प्रशासनिक अधिकारियों, आर्मी के अधिकारी और जवानों के अलावा कॉरपोरेट सेक्टर के लोग भी शामिल होकर दौड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि सांसद खेल उत्सव को "माई भारत" पोर्टल पर भी डाला जाएगा, ताकि देशभर के लोग इसे देख सकें और इससे प्रेरित हो सकें। इस मैराथन और पूरे खेल उत्सव से लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलेगी।
सांसद ने कहा कि इस खेल उत्सव से एक महत्वपूर्ण बात यह पता चली कि किन-किन स्थानों पर स्टेडियमों की जरूरत है। अगले खेल उत्सव से पहले अलावड़ा, राजगढ़, खैरथल, तिजारा, मुंडावर और बहरोड़ जैसे स्थानों पर खेल के मैदान और स्टेडियम तैयार करवाए जाएंगे। इन सभी स्थानों पर स्टेडियम बनाने के लिए सरकार से बात हो चुकी है, अगले खेल उत्सव में लोग खुद एक बड़ा बदलाव महसूस करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने निश्चित समय में दौड़ पूरी करने वालों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ राज्य के वन और पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला, एसपी संजीव नैन, भाजपा के जिला अध्यक्ष और जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर भी मौजूद रहे।