जिले के रेणी थाना क्षेत्र के टहटडा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक खेत से लौट रहा था और रास्ते में लड़ते हुए दो आवारा सांडों से बचने की कोशिश में संतुलन बिगड़ने से कुएं में जा गिरा।
मृतक की पहचान टहटडा निवासी नीरज कुमार बैरवा पुत्र राजाराम बैरवा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नीरज सोमवार शाम करीब 4 बजे खेत में काम कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कुएं के पास दो आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। सांडों से बचने की कोशिश में नीरज भागा और घबराहट में संतुलन खो बैठा और कुएं में गिर गया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: पर्यटन स्थलों को ग्लोबल पहचान देने की तैयारी में सरकार, हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस सेवा होगी शुरू
हादसे के समय पास के खेत में काम कर रही एक महिला ने घटना को देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नीरज को कुएं से बाहर निकाला। पहले उसे रेणी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। इलाज के दौरान नीरज की मौत हो गई।
नीरज पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसने पढ़ाई छोड़कर अपने पिता के साथ पेंटिंग और रंग-रोगन का कार्य शुरू कर दिया था। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं पर नियंत्रण की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।