बाड़मेर जिले में बरियाड़ा और खोडाल गांव के ग्रामीणों द्वारा सोलर कंपनियों के खिलाफ की गई शिकायत पर शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायतों में कहा गया कि कंपनियां खेजड़ी जैसे संरक्षित वृक्षों की अवैध कटाई कर रही हैं और इसके साथ ही अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। इस गंभीर मामले पर विधायक भाटी रविवार को ग्रामीणों के साथ शिव उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- Banswara News: संदिग्ध हालात में दंपति की मौत, जमीन पर पड़ी थी पत्नी की लाश, पति फंदे से लटका मिला; जानें
‘जांच से पहले ही जलाए गए पेड़, सबूत नष्ट करने की कोशिश’
आरोप है कि जैसे ही सोलर कंपनियों के अधिकारियों को यह जानकारी मिली कि रविवार सुबह विधायक और प्रशासनिक टीम स्थल निरीक्षण के लिए आने वाली है, उन्होंने रात के अंधेरे में पहले से काटे गए खेजड़ी और अन्य पेड़ों को आग के हवाले कर दिया। यह घटना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि राज्य की पर्यावरणीय सुरक्षा और शासन व्यवस्था के लिए खुली चुनौती मानी जा रही है। इस कृत्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यह पूरी कार्रवाई योजनाबद्ध और अपराध की मंशा से की गई है, ताकि प्राकृतिक विरासत के नुकसान के सबूत मिटाए जा सकें।
विधायक भाटी हुए सख्त, बोले- नहीं होगा समझौता
विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने इस घटनाक्रम को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है कि कुछ मुनाफाखोर सोलर कंपनियां प्रदेश की पर्यावरणीय धरोहर को उजाड़ने पर तुली हैं। खेजड़ी जैसे वृक्ष न केवल राजस्थान की पहचान हैं, बल्कि थार के पर्यावरण संतुलन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो कंपनियां रात के अंधेरे में सबूत जला रही हैं, वे साफ तौर पर कानून को चुनौती दे रही हैं। इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Tonk: किसान नेता रामपाल जाट का किरोड़ी लाल पर पलटवार; बोले- केवल छापे मारने से नहीं चलेगा, किसानों को चाहिए हक
धरने पर बैठे विधायक, कार्रवाई तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
रविवार को विधायक भाटी एक बार फिर ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट कहा कि जब तक दोषियों पर ठोस और कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। भाटी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर मामले को लेकर ढिलाई बरती, तो वे इसे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। ग्रामीणों ने भी विधायक का समर्थन करते हुए संघर्ष को मजबूती देने का एलान किया।