दुबई में भीलवाड़ा के कारोबारी का अपहरण कर 10 दिन तक बंधक बनाकर मारपीट करने और 40 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के मामले में भीलवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब तक इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। अदालत ने दो आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया, जबकि मुख्य भूमिका निभाने वाले आरोपी मोइन खान को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर कारोबारी मुकेश टेलर के साथ दुबई में मारपीट करने वाले मोइन खान और उसके सहयोगी वसीम को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले पुलिस फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर चुकी है। बुधवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से योगेश मूंदड़ा और वसीम को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि मोइन खान को सात दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा गया।
पुलिस का मानना है कि यह मामला केवल अपहरण और फिरौती तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय अवैध वसूली गिरोह काम कर रहा है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गिरोह के वित्तीय लेन-देन, विदेश में मौजूद नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पढे़ं: 'राजनीति में प्रतिशोध की भावना बढ़ रही, संवाद का स्तर गिरा रहा है': अमृत महोत्सव कार्यक्रम में बोलीं वसुंधरा
पूर्व पार्षद के फ्लैट में बनाया था बंधक
जांच में सामने आया है कि कारोबारी को दुबई में जिस फ्लैट में 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया था, वह भीलवाड़ा के पूर्व पार्षद एवं मुख्य आरोपी फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी से जुड़ा हुआ है। इसी आधार पर उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि दुबई पुलिस के सहयोग से उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस उसकी तलाश के साथ-साथ अन्य फरार आरोपियों की भी खोज कर रही है।
बिजनेस ट्रिप बनी सबसे खौफनाक सफर
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि भीलवाड़ा निवासी कारोबारी मुकेश टेलर जून में व्यावसायिक यात्रा पर दुबई गए थे। एक जुलाई को फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी और उसके साथियों ने उनका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उन्हें 10 दिन तक एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा, बेरहमी से मारपीट की और करीब 40 लाख रुपये के बराबर दिरहम में फिरौती की मांग की।
जब मुकेश ने इतनी बड़ी रकम तत्काल देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने भीलवाड़ा में रह रहे उनके ससुर गोपाललाल को फोन कर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद योगेश मूंदड़ा और उसका साथी राजू पठान कारोबारी के घर पहुंचे और 40 लाख रुपये का चेक लेकर लौट गए। चेक की पुष्टि होने के बाद दुबई में बंधक बनाए गए मुकेश को रिहा कर दिया गया।
वतन लौटते ही दर्ज कराया मामला
रिहा होने के बाद मुकेश शुक्रवार रात फ्लाइट से भीलवाड़ा पहुंचे। शनिवार देर रात उन्होंने पत्नी के साथ सुभाष नगर थाने में पूर्व पार्षद फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी, योगेश मूंदड़ा, राजू पठान और अन्य आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और फिरौती का मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने रविवार को योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार किया और अब मोइन खान तथा वसीम की गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज कर दी है।
10 हजार का इनामी है मास्टरमाइंड
मामले का मास्टरमाइंड फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी पहले से भीलवाड़ा पुलिस का 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश है और लंबे समय से दुबई में फरार बताया जा रहा है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। वहीं फरार आरोपी राजू पठान की तलाश में भी लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस अंतरराष्ट्रीय फिरौती कांड में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।