राजधानी जयपुर में फिल्मी स्टाइल में एक युवक के किडनैपिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बनीपार्क थाना इलाके में रिश्तेदारों की जमानत कराने कलेक्ट्री पहुंचे युवक का अपहरण कर लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। बनीपार्क थाना एसएचओ मनोज कुमार बेरवाल के अनुसार, जयसिंहपुरा खोर निवासी 25 वर्षीय महेंद्र सैनी इस घटना का शिकार हुआ।
जानकारी के मुताबिक, महेंद्र के रिश्तेदारों का पड़ोसियों से विवाद हो गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके दो रिश्तेदारों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। 26 अप्रैल को दोनों को कलेक्ट्री में पेश किया गया, जहां उनकी जमानत कराने के लिए महेंद्र पहुंचा था। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5:30 बजे महेंद्र पानी की बोतल भरने के लिए कलेक्ट्री परिसर से बाहर निकला। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग उसका पीछा करते हुए बाहर आए। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर मामला बढ़ गया।
गेट नंबर-1 के पास जबरन कार में डाला
आरोपियों ने महेंद्र का पीछा किया और कलेक्ट्री गेट नंबर-1 के पास उसे पकड़ लिया। इसके बाद फिल्मी अंदाज में उसके साथ मारपीट करते हुए जबरन कार में डालकर ले गए। पीड़ित के अनुसार, कार के अंदर भी आरोपियों ने लगातार उसके साथ मारपीट की। इसी बीच किडनैपर्स को जानकारी मिली कि पीड़ित के परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी है और कंट्रोल रूम तक खबर पहुंच गई है। यह सुनकर आरोपी घबरा गए और जयसिंहपुरा खोर थाने के पास ही सड़क किनारे महेंद्र को फेंककर फरार हो गए।
पढ़ें- Bihar: कोसी-सीमांचल में बारिश-वज्रपात के कारण पांच लोगों की मौत, आज 14 जिलों में अलर्ट; जानिए मौसम का हाल
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद घायल हालत में महेंद्र ने पुलिस को पूरी जानकारी दी। बनीपार्क थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।