जयपुर में आयोजित द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (GITB) 2026 का 15वां संस्करण राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का उद्घाटन 27 अप्रैल को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में किया जाएगा, जिसमें 50 से अधिक देशों के 185 से ज्यादा विदेशी टूर ऑपरेटर्स बायर्स के रूप में भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य राजस्थान को एक वर्ल्ड-क्लास पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि पर्यटन को “ग्रोथ इंजन” के रूप में विकसित करते हुए सरकार निवेश, रोजगार और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सुमन बिल्ला ने भी भारत में पर्यटन क्षेत्र की तेजी से हो रही प्रगति और संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि देश में पर्यटन का जीडीपी में योगदान बढ़ाने और इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है।
पढ़ें- Rajasthan News: विधानसभा को फिर बम से उड़ाने की धमकी, तीसरी बार मिला ईमेल; परिसर कराया गया खाली
यह आयोजन फिक्की, भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें होटल, रिसॉर्ट्स, स्टेट टूरिज्म बोर्ड्स और डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियां (DMCs) भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। अगले दो दिनों में 10,000 से अधिक बीटूबी मीटिंग्स आयोजित होंगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूती मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में ‘एकम – द स्पिरिट ऑफ वननेस’ थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारत की विविधता में एकता का संदेश दिया। कथक, मणिपुरी और राजस्थान के लोक नृत्यों के समन्वय ने कार्यक्रम को भव्य सांस्कृतिक पहचान दी।