श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप बिहानी और RUIDP इंजीनियरों के बीच जनसुनवाई के दौरान हुई मारपीट और हंगामे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच जयपुर में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संगठन स्तर पर मामले की जांच कर ली गई है और अगले दो से तीन दिनों में इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।
मदन राठौड़ ने कहा कि विवाद का निपटारा सम्मानजनक तरीके से किया जाएगा, जिससे जनप्रतिनिधि और अधिकारी दोनों का सम्मान बना रहे। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं हैं और सभी पक्षों को संयम के साथ काम करना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि वे अपने कार्य में तत्परता और जवाबदेही दिखाएं, वहीं जनप्रतिनिधियों को भी संयम बनाए रखते हुए समस्याओं का समाधान निकालने की दिशा में काम करना चाहिए। राठौड़ ने कहा कि विवाद को बढ़ाने के बजाय समझदारी से हल निकालना ही बेहतर रास्ता है।
पढ़ें- BJP विधायक-AEN थप्पड़कांड: हाई लेवल कमेटी करेगी जांच, CM को सौंपी जाएगी रिपोर्ट; क्यों चर्चा में है बिहाणी का बयान?
इस मुद्दे पर राठौड़ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले में दोहरा चरित्र अपना रही है और अनावश्यक रूप से इसे तूल दे रही है। राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत और टीकाराम जूली ने इस प्रकरण में यू-टर्न लिया है, जो उनकी राजनीति को उजागर करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता इस मुद्दे को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे माहौल खराब हो सकता है। राठौड़ ने विपक्ष को सलाह दी कि वे सोच-समझकर बयान दें, ताकि जनता के बीच गलत संदेश न जाए और प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बना रहे।