जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दूदू क्षेत्र के मोखमपुरा थाना इलाके में महला गांव के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ। सड़क किनारे खराब होकर खड़ी एक निजी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
बस 20 श्रद्धालु थे सवार
पुलिस के अनुसार, बस में करीब 20 श्रद्धालु सवार थे, जो चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन कर जयपुर लौट रहे थे। रास्ते में बस का एक्सेल टूट जाने के कारण चालक ने वाहन को हाईवे किनारे खड़ा कर दिया था। वह बस को ठीक करने का प्रयास कर रहा था, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तीन लोगों की मौत
मोखमपुरा थाना अधिकारी सुरेश कुमार गुर्जर ने बताया कि दुर्घटना में जयपुर के घाट की गूनी निवासी मधुराज (30), चांदपोल निवासी राहुल हरिजन (29) और बस चालक साताराम (30) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। बस में सवार अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान: 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर अनिल उर्फ लीला गिरफ्तार, देशी पिस्टल और चार कारतूस बरामद
राहत एवं बचाव कार्य शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव दूदू अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाए हैं और उनके परिजनों को सूचना दे दी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा लिए हैं। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।