जिले के सांचौर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ट्रक बिजली के तारों की चपेट में आ गया और उसमें भीषण आग लग गई। ट्रक में मिर्च की बोरियां भरी हुई थीं, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक जैसे ही विद्युत तारों के संपर्क में आया, उसमें चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठते ही आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई लेकिन चालक ने तत्काल समझदारी दिखाते हुए ट्रक को आबादी क्षेत्र से दूर ले जाने का प्रयास किया। हालांकि इससे आग तेजी से फैलने लगी लेकिन चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: केसरगंज में खाद्य सामग्री के गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग, लाखों के नुकसान की आशंका
घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका सांचौर की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी तत्परता से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया।
स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो यह आसपास के अन्य वाहनों और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा सकती थी।
इस घटना ने एक बार फिर इलाके में लटकते विद्युत तारों की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ऐसे झूलते और कम ऊंचाई वाले तारों को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके।