जिले में शुक्रवार को जालौर-आहोर मार्ग पर भैंसवाड़ा और आहोर के बीच स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जालौर की ओर से आ रही एक निजी एंबुलेंस और आहोर से जालौर जा रही सवारियों से भरी निजी जीप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सड़क पर बने मोड़ के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जीप में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं। तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: 'परीक्षा प्रबंधन नहीं सुधरा, तो फिर लीक होंगे पेपर': पूर्व सीएम अशोक गहलोत बोले, कड़े कानून का भी किया जिक्र
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल, आहोर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रैफर कर दिया। दुर्घटना में हरीज निवासी डायाराम (40) पुत्र गजाराम मीणा, उम्मेदपुर निवासी पानाराम (50) पुत्र समाराम मीणा, हकाराम (65) पुत्र पुराराम मीणा, अगवरी निवासी गलबाराम (35) पुत्र भगाराम तथा मुकेश (30) पुत्र रमजूराम मीणा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
वहीं हरीज निवासी दुर्गा कुमारी (10) पुत्री डायाराम मीणा, सियाणा निवासी छगनलाल (46) पुत्र हकाराम मीणा, शंकरलाल (26) पुत्र हकाराम मीणा तथा उम्मेदपुर निवासी दिलीप (3) पुत्र कालूराम मीणा को मामूली चोटें आई हैं। इन सभी का उपचार आहोर के राजकीय अस्पताल में जारी है।
सूचना मिलते ही आहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।