झालावाड़ जिले के भवानीमंडी क्षेत्र के पिपलिया गांव में गुरुवार देर रात एक हृदयविदारक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दूल्हे की निकासी कार्यक्रम के बाद रात करीब 1 बजे दूल्हे के चाचा माणकचंद (34) को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे अचेत होकर गिर पड़े। घबराए परिजन उन्हें तुरंत झालावाड़ सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को ही मृतक की भतीजी की बारात आनी थी और इसके बाद भतीजे की बारात दूसरे गांव जानी थी, लेकिन इस दुखद हादसे के चलते दोनों समारोह स्थगित कर दिए गए।
पढ़ें: उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार शुरू, छह दिन कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित
भवानीमंडी थाना अंतर्गत पिपलिया चौकी प्रभारी जयदीप हाड़ा ने झालावाड़ अस्पताल में बताया कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। प्रथम दृष्टया मामला हृदयाघात (हार्ट अटैक) का प्रतीत हो रहा है। मृतक पिपलिया गांव में कार वॉशिंग का कार्य करता था और अपने तीन भाइयों के साथ रहता था।
उल्लेखनीय है कि हाल के समय में शादी समारोहों के दौरान हार्ट अटैक के मामले बढ़ते नजर आ रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व ही झालरापाटन में अपने भाई की शादी में डीजे पर नृत्य करते समय एक युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। वाहन चलाते समय या धार्मिक आयोजनों में भी ऐसे मामले सामने आते रहे हैं।