जोधपुर के लूणी थाना क्षेत्र में युवक के साथ अमानवीय मारपीट कर उसकी नाक काटने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त एसयूवी वाहन को भी जब्त किया गया है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दल्लाराम पुत्र नारायणराम, रामाराम पुत्र हेमाराम, कैलाश पुत्र जेठाराम और प्रकाश पुत्र करनाराम शामिल हैं। सभी आरोपी लूणी थाना क्षेत्र के शुभदंड गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रकाश के खिलाफ पहले भी लूणी थाने में मारपीट का मामला दर्ज है, जिसमें चार्जशीट पेश की जा चुकी है।
20 से 25 बदमाशों ने घेरकर किया हमला
इस मामले की रिपोर्ट 2 जनवरी 2026 को घायल युवक दिनेश के भाई जयरूपराम ने लूणी पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार दिनेश अपने दोस्त की थार गाड़ी लेकर गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ वाहनों ने उसका पीछा किया। इसके बाद करीब 20 से 25 बदमाशों ने एक राय होकर उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व सरियों से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें- राजस्थान हादसा: पैदल जा रहे श्रद्धालुओं पर ट्रक पलटने से तीन की मौत, आठ घायल; अस्पताल पहुंचे स्पीकर ओम बिरला
नाक काटने सहित गंभीर मारपीट का आरोप
हमलावरों ने युवक के हाथ-पैर तोड़ दिए और धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे सड़क पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। हमले के दौरान थार गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।
युवती को भगाने के आरोप से जुड़ा मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक पर एक युवती को भगाकर ले जाने का आरोप था, जिसके चलते यह हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।