कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में भूमाफिया, बजरी माफिया, पानी माफिया और पेपर माफिया खूब बढ़े। अब वही लोग हम पर माफियाओं पर लगाम नहीं लगाने का आरोप लगा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि राजस्थान में अभी नौतपा चल रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे जितना हो सके, पानी और बिजली की बचत करें। इससे जनता को पेयजल और बिजली की परेशानी कम होगी। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि जनता को साफ और समय पर पानी मिले और पानी की समस्या कम से कम हो। उन्होंने बताया कि हाल ही में आए तूफान और आंधी से बिजली व्यवस्था खराब हुई थी, जिसे सरकार ने ठीक कर दिया है। अब बिजली के मामले में कोई दिक्कत नहीं होगी और पूरी तैयारी की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली द्वारा कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने पर जोगाराम पटेल ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने आप को देखना चाहिए। क्योंकि जिस कांग्रेस के राज में बजरी माफिया, भू माफिया, पानी माफिया और नकल माफिया खूब बढ़े, उस सरकार ने उन पर लगाम नहीं लगाई। इसलिए उनके आरोप बेबुनियाद हैं।
यह भी पढ़ें:
लोन एजेंट पर गोली चलाने वाला धन्ना गिरफ्तार, शराब गोदाम में आगजनी का भी मास्टरमाइंड
जोगाराम पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शपथ लेते ही भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था से जुड़े सभी माफियाओं पर लगाम लगाने का काम शुरू कर दिया है। सभी माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सरकार का संकल्प है कि जनता को साफ सुथरा और सही न्याय मिले। उन्होंने कांस्टेबल सुनील बिश्नोई की मौत पर कहा कि यह बहुत दुखद घटना है और जो भी इसके पीछे है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इससे पहले जोगाराम पटेल सर्किट हाउस पहुंचे और वहां आम लोगों से मिले, उनकी समस्याएं सुनी।