जोधपुर शहर के चर्चित 12वीं रोड फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 19 जून की रात बॉम्बे मोटर्स के पास हुए जानलेवा हमले और फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को भी संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त कमल शेखावत के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
मुख्य आरोपी सहित आठ आरोपी पुलिस गिरफ्त में
मामले में मुख्य आरोपी अजय धारू को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा विशाल पंडित, विश्वास तेजी उर्फ चिकू, मोहित चांवरिया, मनीष बोयत, साहिल राठी, प्रिंस धारू और हर्षित तंवर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को विधिक प्रक्रिया के तहत संरक्षण में लिया गया है।
हमले में घायल विक्की की इलाज के दौरान मौत
पुलिस जांच में सामने आया है कि 19 जून की रात करीब 10 बजे बॉम्बे मोटर्स क्षेत्र में सन्नी हंस और विक्की उर्फ फाइटर पर बदमाशों ने लाठी-सरियों से हमला करने के बाद फायरिंग की थी। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान विक्की उर्फ फाइटर की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी। वहीं घायल सन्नी हंस के बयान के आधार पर देवनगर थाने में जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें-
Rajasthan UCC: राजस्थान यूनिफॉर्म सिविल कोड-2026 लाने की तैयारी; जानिए क्या होंगे बड़े बदलाव
पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह
प्रारंभिक जांच में पुलिस को दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश के संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम और वारदात की साजिश को लेकर विस्तृत खुलासा किया जाएगा।