कोटा जिले में चाकूबाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने दो भाइयों पर हमला कर दिया। इस दौरान दीपक नामक युवक के पेट में बदमाश ने चाकू घोंप दिया। चाकू पेट में धंसा रह गया और घायल दीपक उसे पकड़े हुए ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने तुरंत ऑपरेशन कर चाकू बाहर निकाल उपचार शुरू किया।
मामूली विवाद से बढ़ा झगड़ा
पुलिस के अनुसार यह घटना मामूली कहासुनी के चलते हुई। बदमाश पहले दीपक के छोटे भाई शुभम पर हमला करने आए थे। सूचना मिलते ही दीपक और परिजन मौके पर पहुंचे और बीच बचाव करने लगे। तभी बदमाशों ने लाठियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान दीपक के पेट में चाकू घोंपा गया। जब चाकू निकालने में बदमाश असफल रहे तो वे मौके से भाग निकले।
यह भी पढ़ें- Alwar News: स्कूटी सवार की लापरवाही ने ली युवक की जान, उपचार के दौरान मौत, काम से लौटते समय हुआ हादसा
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घायल दीपक को परिजन तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने सर्जरी कर चाकू बाहर निकाला और बताया कि घायल का उपचार जारी है। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि चाकू से हमला करने के बाद बदमाश फरार हो गए थे।
पुलिस कर रही बदमाशों से पूछताछ
उद्योग नगर थानाधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की दो टीमें मौके और अस्पताल भेजी गईं। शुरुआती जांच में मामला आपसी कहासुनी से उपजा बताया गया है। दीपक पर हमला करने वाले कई बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, परिजनों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bikaner News: नकली खाद माफिया पर बड़ी कार्रवाई, कृषि मंत्री ने गंगापुर फैक्ट्री से डीएपी के 24 हजार बैग पकड़े