राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने रविवार को कोटा के सांगोद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्कूल भवनों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई जगहों पर घटिया निर्माण, अनियमितताओं और मानकों की अनदेखी देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर मौजूद ठेकेदारों और अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सरकारी धन की इस तरह बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने मौके पर ही जिला कलेक्टर को विजिलेंस टीम गठित करने के निर्देश दिए, जो पिछले कुछ वर्षों में बने स्कूलों और अन्य सार्वजनिक भवनों की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों के भवन सिर्फ पांच से सात साल में जर्जर हो गए हैं, उनकी जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीमेंट तक नहीं डाला गया
मंत्री नागर ने खजूरना गांव के एक सरकारी स्कूल में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, जहां फर्श एक फीट नीचे धंसा हुआ था। जब मौके पर फर्श को उखाड़ा गया तो पाया गया कि उसमें सीमेंट का प्रयोग ही नहीं किया गया था। नए निर्माण में भी मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं हो रहा था।
ऊर्जा मंत्री ने ठेकेदार को फटकारते हुए कहा कि यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। स्कूलों का निर्माण केवल खाना-पूर्ति के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- ‘ये इंसानियत और इस्लाम के दुश्मन’: तालिबान पर भड़के अजमेर दरगाह के सैयद सरवर चिश्ती, आतंकवाद पर साधा निशाना
छत और सरिया में भी मिली गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान कई स्कूल भवनों में छत के हिस्से गिर चुके थे और सरिए बाहर निकले हुए मिले। मानकों के अनुसार जहां 6 इंच की छत डाली जानी चाहिए थी, वहां सिर्फ 4 इंच मोटी छत बनाई गई थी। इसी तरह 12 एमएम की जगह 8 एमएम के सरिए का इस्तेमाल किया गया था। मंत्री नागर ने कहा कि यह साफ तौर पर ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत का परिणाम है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी लापरवाही पर कोई भी बख्शा नहीं जाएगा।
कई गांवों में निरीक्षण, आंगनवाड़ी भवनों की भी होगी जांच
ऊर्जा मंत्री ने सांगोद विधानसभा क्षेत्र के नरसिंहपुरा, खजूरना, मोहनपुरा, बंजारा बस्ती, मंगलपुरा और किशोरपुरा सहित कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने पाया कि कई आंगनवाड़ी भवनों में भी इसी तरह की अनियमितताएं हैं। मंत्री ने कहा कि इन सभी भवनों की तकनीकी जांच कराई जाएगी ताकि जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: हमारी सरकार जो कहती, वही करती है- बोले शाह; राइजिंग राजस्थान की उपलब्धियों पर की CM भजनलाल की तारीफ