हाडौती अंचल के कोटा संभाग में बीते कुछ दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदियों और नालों में उफान आ गया है, जिससे कई क्षेत्रों में सड़क और रेल यातायात बाधित हो गया है। सवाई माधोपुर रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनों को घंटों देरी से चलाना पड़ रहा है। वहीं, मेज नदी में उफान आने से लाखेरी के पास पापड़ी गांव में बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे कोटा-सवाई माधोपुर रोडवेज बस सेवाएं भी रोक दी गई हैं।
कोटा-सवाई माधोपुर रूट पर बसें बंद, यात्री परेशान
नयापुरा बस स्टैंड प्रभारी मनीष तिवारी के अनुसार, कोटा से सवाई माधोपुर के बीच रोजाना चलने वाली रोडवेज की 8 बसें लाखेरी-इंदरगढ़ होते हुए संचालित होती थीं। लेकिन पापड़ी पुल पर पानी आने और वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण इन बसों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि, कोटा से झालावाड़ और कोटा से श्योपुर रूट पर बसें अभी भी चलाई जा रही हैं, बावजूद इसके इन मार्गों पर भी जलभराव के कारण यातायात में बाधा आ रही है।
ये भी पढ़ें:
अब कड़ा और कृपाण पहनकर दे सकेंगे प्रतियोगी परीक्षाएं, सिख छात्रों के लिए सरकार ने बदला नियम
बूंदी में भी हाईवे और एक्सप्रेस वे पर रोक
बारिश का असर कोटा-बूंदी मार्ग पर भी देखने को मिला है। बूंदी प्रशासन ने कोटा-लालसोट मेगा हाइवे पर यातायात बंद कर दिया है। एनएचएआई ने कोटा में गोपालपुरा से लगते सभी इंटरचेंज से एक्सप्रेस वे पर ट्रैफिक रोक दिया है। इसी प्रकार बूंदी की ओर लबान से भी एक्सप्रेस वे पर चढ़ने पर रोक लगा दी गई है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी भराव की स्थिति
कोटा शहर और इसके ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश से लोगों के घरों में पानी भर गया है। खतौली क्षेत्र में परवन नदी उफान पर है, जिससे निचली बस्तियों में पानी घुसने लगा है। घरों में रखे सामान भीग चुके हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन अलर्ट, मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी
प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने कोटा जिले में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। हाडौती संभाग की प्रमुख नदियां उफान पर हैं और कोटा में देर रात से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। प्रशासन ने लोगों से नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।