राजस्थान के नागौर जिले में नशे में धुत कार सवारों की दबंगई का मामला सामने आया है। बासनी बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर तड़के करीब तीन बजे तीन युवक और एक युवती लग्जरी सफेद कार में पहुंचे। नशे की हालत में उन्होंने कर्मचारी से करीब 2000 रुपये का डीजल भरवाया, लेकिन भुगतान करने के बजाय कर्मचारी को खुलेआम धमकाया और तेज रफ्तार से कार लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में नशे में धुत युवक कर्मचारी को ललकारते और धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। कर्मचारी पैसे मांगते हुए कार के पीछे दौड़ता रहा, लेकिन आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने इसकी सूचना मालिक को दी और नागौर कोतवाली पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों और हाईवे कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि कार का रजिस्ट्रेशन नंबर और आरोपियों की पहचान की जा सके।
नागौर कोतवाली थाना प्रभारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी जांच कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में शराब के नशे में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे पेट्रोल पंप कर्मचारियों और छोटे व्यापारियों में डर का माहौल बना हुआ है।