नागौर जिले के मेड़ता उपखंड के कुरड़ियान गांव में बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट की वारदात सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर में निर्वस्त्र अवस्था में खून से लथपथ मिला। महिला के पति की सूचना पर मेड़ता सिटी थाना पुलिस और जिला पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, कुरड़ियान गांव निवासी अमरचंद जैन (80) अपनी पत्नी किरण जैन (78) के साथ रहते हैं। उनके दो मकान हैं, सुरक्षा के लिहाज से दोनों पति-पत्नी अलग-अलग घरों में सोते थे। गुरुवार रात दोनों ने खाना खाया और अपने-अपने घरों में सो गए। सुबह 6 बजे दूधवाला आया, लेकिन बार बार बुलाने के बाद भी किरण बाहर नहीं निकलीं। इसके बाद अमरचंद जैन खुद वहां पहुंचे, इस दौरान घर का दरवाजा खुला हुआ था। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो किरण निर्वस्त्र अवस्था में खून से लथपथ पड़ी थी। उनकी मौत हो चुकी थी। दूसरे कमरे में सारा सामान भी बिखरा पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही मेड़ता सिटी पुलिस और मृतका के बेटों को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में पुलिस व जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस मौके पर पहुंचे। एक पुत्र भी मौके पर आया। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव को नहीं उठाने की चेतावनी दी। पुलिस अधीक्षक ने समझाइश दी और भरोसा दिलाया कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। इसके बाद शव को मेड़ता सिटी के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
ये भी पढ़ें:
नेता प्रतिपक्ष ने मंत्री के बेटे पर लगाए गंभीर आरोप, मुख्यमंत्री से जांच की मांग
पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि यह लूट के इरादे से किया गया अपराध प्रतीत होता है। संभवतः महिला ने लुटेरों का विरोध किया होगा या उन्हें पहचान लिया होगा, इसीलिए उसकी हत्या कर दी गई। पीएम रिपोर्ट के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने पूरी टीम लगा दी है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस कप्तान की लचर कार्यशैली के कारण जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने राजस्थान पुलिस के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर इस हत्याकांड का जल्द खुलासा कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।