सिरोही जिले के माउंटआबू में गैस संकट के बीच कालाबाजारी को रोकने के लिए उपखंड प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचीं और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 56 घरेलू एवं व्यावसायिक सिलिंडर जब्त किए गए।
घरेलू सिलिंडरों का हो रहा था व्यावसायिक उपयोग
अभियान के दौरान कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जाता पाया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। इसके अलावा अनेक जगहों पर सिलिंडरों का अवैध रूप से स्टॉक किया गया था। प्रशासन ने संबंधित लोगों को भविष्य में दुरुपयोग नहीं करने के लिए पाबंद किया।
दर्जनों प्रतिष्ठानों की जांच, अवैध स्टॉक का खुलासा
प्रशासन की टीम ने 4 दर्जन से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर 10 से अधिक सिलिंडरों का अवैध स्टॉक मिला। त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 20 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई और 56 सिलिंडर जब्त किए गए।
विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया अभियान
यह अभियान उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया के नेतृत्व में ओरिया, अचलगढ़, देलवाड़ा, अधर देवी, आर्य समाज पार्किंग, गोमुखरोड, ढूंढाई और नक्की लेक सहित कई क्षेत्रों में चलाया गया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही अचलगढ़ और ओरिया गांव के हैंड पम्प का निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए।
पढ़ें- Rajasthan: रींगस में खाटू श्याम भक्त दंपती को दुकानदार ने पीटा, कचौरी खाने को लेकर हुआ विवाद; देखें वीडियो
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार कुंज बिहारी झा, एईएन नवोदितसिंह राजपुरोहित, भूअभिलेख निरीक्षक सुरेश कुमार, सुखराजसिंह चरण, चंपतसिंह, जन स्वास्थ्य निरीक्षक राजकिशोर शर्मा और मुख्य जमादार तरुण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कालाबाजारी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया ने कहा कि गैस संकट के समय कालाबाजारी आम उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और दुरुपयोग या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से ऐसे मामलों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।