उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र के हरियाऊ गांव में दलित समाज की दुल्हन को कथित रूप से घोड़ी से उतारने के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी (BSP) और समाज के लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। मामले को लेकर शहर में विरोध प्रदर्शन और रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता और समाज के लोग शामिल हुए।
जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रदर्शनकारी
दलित दुल्हन को घोड़ी से उतारने की घटना को लेकर विरोध अब सियासी रंग लेता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को BSP कार्यकर्ताओं ने शहर भर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग नगर निगम परिसर में एकत्रित हुए, जहां से सभी लोग नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग दोहराई।
शादी के दौरान हुई थी कथित घटना
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को हरियाऊ गांव में पूजा मेघवाल की शादी के दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से दुल्हन को घोड़ी से उतार दिया था और मारपीट की थी। घटना के बाद डबोक थाने में मामला दर्ज कराया गया था। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
बसपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि घटना में करीब 12 से 13 लोग और कुछ महिलाएं शामिल थीं, लेकिन अब तक केवल चार आरोपियों की ही गिरफ्तारी हो पाई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने में सुस्ती बरत रही है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में जातिगत भेदभाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पढ़ें- थाने पर 100 लोगों का हमला: 15 से ज्यादा हिरासत में, बाइक पर पटाखा स्टंट को लेकर भड़का आक्रोश; क्या है माजरा?
जांच अधिकारी बदलने की मांग तेज
बसपा पदाधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि वर्तमान जांच अधिकारी को हटाकर किसी वरिष्ठ और ईमानदार अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को निष्पक्ष न्याय मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि दलित समाज अब इस प्रकार के अपमान को सहन नहीं करेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष शिव कुमार गौतम ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।