उदयपुर संभाग के सलूंबर इलाके में बच्चों की रहस्यमयी बीमारी से हुई मौत का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। अब यह मामला राजनीतिक रूप भी लेने लगा है। उदयपुर के पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सरकार से मुआवजे की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई है।
मामले ने पकड़ा राजनीतिक रंग
उदयपुर संभाग में बच्चों की रहस्यमयी मौत का मामला अब तेजी से राजनीतिक तूल पकड़ रहा है। पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन की लापरवाही साफ नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि 8 बच्चों की मौत के बाद भी प्रशासन का रवैया ढीला है। उन्होंने यह भी कहा कि गांवों में अभी भी डर और दहशत का माहौल है और इलाज के नाम पर सिर्फ औपचारिकता की जा रही है, जो बेहद चिंता की बात है।
लसाड़िया क्षेत्र में 8 बच्चों की मौत
बताया जा रहा है कि यह घटना सलूंबर के लसाड़िया कस्बे में हुई, जहां रहस्यमयी बीमारी से 8 बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है और घर-घर जाकर जांच कर रहा है। जांच में कुछ बच्चों में दिमागी बुखार जैसे लक्षण भी पाए गए हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने लसाड़िया क्षेत्र के घाटा और लालपुरा गांवों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के घर जाकर शोक व्यक्त किया और प्रशासन से मामले की गंभीर जांच की मांग की।
स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल
पूर्व सांसद ने कहा कि लगातार हो रही मौतों से पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से तुरंत सख्त कदम उठाने की मांग की और कहा कि स्थिति को नियंत्रण में लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने, बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने की मांग की।
ग्रामीणों में आक्रोश और नाराजगी
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। लोगों ने जल्द सुधार की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन की ओर से जांच जारी है और टीम घर-घर जाकर स्थिति का जायजा ले रही है। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे अंधविश्वास से दूर रहकर सरकारी अस्पतालों में इलाज कराएं और किसी भी लक्षण को हल्के में न लें।
ये भी पढ़ें:
कटिहार सड़क हादसा: मौत का आंकड़ा बढ़कर 13 हुआ; तीन लोगों ने पूर्णिया जीएमसीएच में तोड़ा दम, हताहतों की सूची जारी
मौके पर कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरे के दौरान लसाड़िया प्रशासक रुपलाल मीणा, अग्गड प्रशासक भैरूलाल मीणा, कडुणी प्रशासक मनोज कुमार मीणा, ओवरा प्रशासक कमलेश मीणा, लसाड़िया मंडल अध्यक्ष कानाराम मीणा सहित कई लोग मौजूद रहे।