राजधानी शिमला में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद रविवार को कार्ट रोड पर भूस्खलन हो गया। लिफ्ट के समीप कार्ट रोड को चौड़ा करने के लिए की गई पहाड़ी की कटिंग के बाद मिट्टी खिसक गई, जिससे एक देवदार का पेड़ सड़क पर आ गिरा। घटना के बाद एहतियात के तौर पर कार्ट रोड पर यातायात रोक दिया गया।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मौके पर जेसीबी मशीनें और मजदूर तैनात कर पेड़ को काटकर हटाने तथा भूस्खलन का मलबा साफ करने का कार्य शुरू कर दिया है। रविवार होने के कारण अन्य दिनों की तुलना में कार्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही कम रही, जिससे यातायात व्यवस्था पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस भूस्खलन में किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मलबा और पेड़ हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है तथा जल्द ही कार्ट रोड पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।