{"_id":"6a342d7aa7f7067bae0294e7","slug":"video-deepti-sharma-equals-jhulan-goswami-record-of-355-wickets-2026-06-18","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: आगरा की दीप्ति ने छुआ इतिहास, झूलन गोस्वामी के 355 विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: आगरा की दीप्ति ने छुआ इतिहास, झूलन गोस्वामी के 355 विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी
आगरा की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। महिला टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के दम पर दीप्ति ने भारत की पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के 355 अंतरराष्ट्रीय विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके साथ ही वह टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों प्रारूपों को मिलाकर भारत की संयुक्त सर्वाधिक विकेट लेने वाली महिला गेंदबाज बन गई हैं। विश्व कप में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहीं दीप्ति ने पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लेकर पहले ही सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद टूर्नामेंट में अपनी शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए उन्होंने 355 विकेटों का आंकड़ा छू लिया। अब वह भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली महिला गेंदबाज बनने से सिर्फ एक विकेट दूर हैं। आगरा से निकलकर विश्व क्रिकेट के शिखर तक पहुंची दीप्ति आज भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में गिनी जाती हैं। दीप्ति की सफलता के पीछे उनके भाई और कोच सुमित शर्मा की मेहनत भी अहम रही है। बचपन में भाई के साथ स्टेडियम पहुंचने वाली दीप्ति की प्रतिभा को सबसे पहले पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर हेमलता काला ने पहचाना था। इसके बाद सुमित शर्मा ने बहन के क्रिकेट करियर को नई दिशा देने के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया। दीप्ति की इस उपलब्धि से आगरा के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत में उत्साह का माहौल है। शहर के खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों का मानना है कि यह उपलब्धि स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। भारतीय महिला क्रिकेटर हेमलता काला ने कहा, दीप्ति ने जिस निरंतरता और समर्पण के साथ क्रिकेट खेला है, उसी का परिणाम आज दुनिया देख रही है। आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा, दीप्ति ने आगरा का नाम विश्व क्रिकेट में फिर से रोशन किया है। यह उपलब्धि पूरे शहर के लिए गर्व का क्षण है। महिला टी-20 विश्व कप के दौरान जब दीप्ति शर्मा ने 355वां अंतरराष्ट्रीय विकेट लेकर झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड की बराबरी की, तब खुद झूलन गोस्वामी टीवी कमेंट्री बॉक्स में मौजूद थीं। भारतीय महिला क्रिकेट की महान गेंदबाज अपनी उत्तराधिकारी मानी जा रही दीप्ति की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की प्रत्यक्ष गवाह बनीं। उन्होंने दीप्ति शर्मा की सराहना की।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।