लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र के ग्राम कफारा स्थित प्रसिद्ध श्री लीला नाथ मंदिर से जेठ माह के बड़े मंगलवार पर श्री हनुमत पदयात्रा शारदा नगर स्थित बालाजी मंदिर के लिए निकाली गई। तपती धूप के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने करीब 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर बालाजी मंदिर पहुंचकर 101 किलो लड्डू का भोग अर्पित किया।
पदयात्रा का शुभारंभ धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी तथा शिक्षा संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश गंभीर ने श्री लीला नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
श्रद्धालु कफारा से पैदल यात्रा करते हुए शारदा नगर स्थित बालाजी मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर 101 किलो लड्डू का भोग लगाया गया। मुख्य आयोजक कौशल तिवारी ने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देना है।
इस अवसर पर मुख्य आयोजक कौशल तिवारी, विजय जायसवाल, महेश गंभीर, बृजेन्द्र जायसवाल, राकेश मिश्रा, हरीश अवस्थी, कृष्ण कुमार शुक्ला, राकेश मिश्रा संजय दीक्षित, सरयू प्रकाश पांडेय, विकास जायसवाल, अनूप तिवारी, उत्तम राज, बीरन सिंह, रमाशंकर निगम, सुनील निगम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।