टीपू बोले, कानून व्यवस्था बिगड़ी तो उतरेगी वर्दी
कानून व्यवस्था में ढिलाई के कारण मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दो आईपीएस अफसरों को सस्पेंड कर दिया साथ ही उन्होंने अफसरों को चेतावनी भी दी है कि अगर कानून व्यवस्था नहीं सुधरी तो अफसरों की वर्दी उतर जाएगी।
लचर कानून व्यवस्था के लिए आलोचना झेल रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कड़ा कदम उठाते हुए फिरोजाबाद और लखीमपुर खीरी के एसएसपी को सस्पेंड कर दिया।
प्रदेश सरकार के इस कदम से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अखिलेश ने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसी कमरों में मजे करते हैं अधिकारी
अखिलेश ने कहा कि अधिकारी एसी बंगलों में मजे करते हैं, जबकि प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगर कानून व्यवस्था खराब हुई तो अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी विपक्षी दलों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे, हालांकि प्रदेश सरकार ने हमेशा ही अपनी विकास कार्यों का हवाला देकर इसे ढकने का प्रयास किया।
अखिलेश के इस कदम से अधिकारियों में हड़कंप मच गया है, अब उम्मीद की जा रही है, प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार आएगा।
इसलिए उठाए सख्त कदम
हाल ही में आए लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद सपा सरकार की काफी किरकिरी हुई है। प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में पार्टी सिर्फ पांच सीटें ही जीत सकी।
जिसके आधार पर कहा जा रहा है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा को भाजपा से कड़ी चुनौती मिलेगी।
वहीं विश्लेषकों का कहना है कि सपा को लोकसभा चुनाव में मिली सीटों को अगर विधानसभा सीटों में बदलें तो पार्टी सिर्फ 42 सीटों पर ही सिमटती दिख रही है जो कि अखिलेश सरकार के लिए खतरे की घंटी है।
इसलिए सपा सरकार अब कोई भी कोताही न बरतते हुए छवि में बदलाव के लिए प्रयास कर रही है।