UP News: 30.8 लाख की रिश्वतखोरी का मामला, एनसीसीएफ के शाखा प्रबंधक समेत तीन पर सीबीआई ने दर्ज किया केस
कानपुर में 30.8 लाख की रिश्वतखोरी के मामले में एनसीसीएफ के शाखा प्रबंधक समेत तीन पर सीबीआई ने केस दर्ज किया है। उन्नाव में शाखा प्रबंधक की पत्नी के नाम पर शराब की दुकान थी। सप्लायर से वसूली की गई। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
यूपी में कानपुर स्थित नेशनल को-ऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनसीसीएफ) के शाखा प्रबंधक अनुराग शर्मा, उनकी पत्नी व सप्लायर पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम व अन्य धाराओं में सीबीआई ने लखनऊ में केस दर्ज किया है। शाखा प्रबंधक व उनकी पत्नी पर 30.80 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। पूरा खेल लाइसेंस और विभागीय लाभ देने का है।
सीबीआई की एफआईआर के मुताबिक, जांच में पता चला कि उन्नाव के औरास बाजार स्थित शराब दुकान (कोड-26222) मार्च 2025 में अनुराग की पत्नी प्रतिभा के नाम आवंटित हुई थी। इस दुकान का लाइसेंस शुल्क 1.38 करोड़ रुपये तय था।
17 लाख रुपये की रकम ली गई
आरोप है कि इस आवंटन के बदले मैसर्स जायसवाल ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर सुनील जायसवाल से 17 लाख रुपये की रकम ली गई। यह राशि 9 मार्च 2025 को राज्य सरकार के खाते में प्रतिभा शर्मा की ओर से जमा कराई गई।
जांच में सामने आया कि 17 मार्च 2025 को 13.80 लाख रुपये की अतिरिक्त रकम सुनील के खाते से प्रतिभा के एसबीआई खाते में ट्रांसफर की गई। उसी दिन इस रकम की एसटीडीआर (फिक्स्ड डिपॉजिट) बनवाकर इसे आबकारी विभाग के पक्ष में लियन मार्क किया गया। ताकि, लाइसेंस प्रक्रिया पूरी की जा सके।
विवेचना सीबीआई एसीबी लखनऊ को सौंपी गई
इस तरह अनुराग ने पत्नी प्रतिभा के साथ मिलकर आपराधिक साजिश के तहत कुल 30.80 लाख रुपये की वसूली की। यह रकम उस सप्लायर से ली गई। इसका संबंध उनके आधिकारिक कार्यों से था। केस की विवेचना सीबीआई एसीबी लखनऊ के डीएसपी प्रदीप कुमार सिंह को सौंपी गई है। विवेचना में आगे भी इस तरह के और खेल उजागर हो सकते हैं।