लखनऊ: चारबाग स्टेशन से हटाई जाएंगी प्रीमियम ट्रेनें, तेजस, शताब्दी जैसी गाड़ियां गोमती नगर होंगी शिफ्ट
Charbagh Station: लखनऊ चारबाग स्टेशन पर गाड़ियों का लोड कम किया जाएगा। कई महत्वपूर्ण ट्रेनें गोमती नगर स्टेशन पर शिफ्ट की जाएंगी।
विस्तार
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का कद बढ़ता जा रहा है। वीआईपी ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस गोमतीनगर स्टेशन शिफ्ट की जा चुकी है। अब डबलडेकर, मास एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस व शताब्दी को शिफ्ट करने की तैयारी है। इससे जंक्शन पर वीआईपी ट्रेनें लगभग खत्म हो जाएंगी। इन ट्रेनों की शिफ्टिंग के बाद जंक्शन को ग्रेटर चारबाग का हिस्सा बनाया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का गोमतीनगर रेलवे स्टेशन विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। पहले चरण का काम पूरा हो चुका है, जिसका वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं। मार्च तक सेकंड फेज का काम भी पूरा हो जाएगा। इसी क्रम में गोमतीनगर स्टेशन पर ट्रेनों का कारवां बढ़ाया जा रहा है। पटना, सहारनपुर, गोरखपुर, प्रयागराज आदि के लिए वंदे भारत ट्रेनों का संचालन यहीं से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कामाख्या, जयपुर के लिए भी ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मालदाटाउन के लिए अमृत भारत ट्रेन भी गोमतीनगर से चल रही है।
सूत्र बताते हैं कि चारबाग व लखनऊ जंक्शन को मिलाकर ग्रेटर चारबाग बनाने की योजना है। इसी के तहत लखनऊ जंक्शन की ट्रेनों की शिफ्टिंग चल रही है। पुष्पक एक्सप्रेस गोमतीनगर शिफ्ट हो चुकी है। लखनऊ मेल वापस चारबाग पहुंच गई है। अब दिल्ली के लिए चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस, डबलडेकर एक्सप्रेस सहित चेन्नई जाने वाली मास एक्सप्रेस, कारपोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस को भी गोमतीनगर से चलाने की तैयारी है। इसकी फीजिबिलिटी जांची जा रही है। ऐसा होने पर चारबाग स्टेशन परिसर में यात्रियों का लोड काफी कम हो जाएगा।
जल्द ही पुरी की ट्रेन भी शुरू होगी
गोमतीनगर स्टेशन से पुरी के लिए नई ट्रेन शुरू होनी है। इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है। यह ट्रेन गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी। इससे कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। अभी पुरी जाने के लिए चारबाग से नीलांचल एक्सप्रेस की सुविधा है।
निजी कंपनी ऑपरेट करेगी स्टेशन
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का ऑपरेशन निजी हाथों में होगा। इसके लिए रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने टेंडर जारी किए हैं। निजी एजेंसी स्टेशन पर टिकटिंग, पार्किंग सहित ऑपरेशन से जुड़े अन्य कार्य करेगी। निजी गार्ड भी तैनात करेगी, लेकिन ट्रेनों व प्लेटफॉर्मों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ के हाथ में रहेगी।
ग्रेटर चारबाग से मिलेगी राहत
चारबाग स्टेशन उत्तर रेलवे का है जबकि लखनऊ जंक्शन पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का स्टेशन है। ग्रेटर चारबाग के तहत जंक्शन स्टेशन चारबाग में मिलाने की तैयारी है। इस बाबत अधिकारियों के बीच पहले भी मंथन हो चुका है। चारबाग का हिस्सा बनने पर लखनऊ से बनकर व टर्मिनेट होने वाली ट्रेनों को जंक्शन से चलाने की तैयारी अफसरों की है।