UP SI Exam: परीक्षा से पहले उतरवाया कलावा और महिलाओं से मंगलसूत्र, शिकायत पर भर्ती बोर्ड सख्त; दिया स्पष्टीकरण
UP Police Recruitment Board: यूपी एसआई भर्ती परीक्षा शनिवार को हुई। इस परीक्षा में कुछ ऐसे मामले सामने आए जहां युवकों का कलावा उतरवाया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने भर्ती परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों से धार्मिक प्रतीक उतरवाने की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि चेकिंग या फ्रिस्किंग के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा पहने गए धार्मिक-सांस्कृतिक चिन्ह, जैसे कलावा या मंगलसूत्र, हटवाने के निर्देश नहीं हैं।
बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि इस संबंध में पहले से ही निर्देश जारी हैं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल और कर्मचारियों को हर ब्रीफिंग में साफ तौर पर बताया गया है कि अभ्यर्थियों की जांच करते समय उनके धार्मिक प्रतीकों का सम्मान रखा जाए और उन्हें हटाने का प्रयास न किया जाए।
इसके बावजूद इस प्रकार की शिकायते आई हैं।ये बेहद आपत्तिजनक है। बोर्ड ने कहा कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया गया है। परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक जिन परीक्षा केंद्रों निर्देशों का उल्लंघन किया गया है वहाँ संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
महिलाओं से मंगलसूत्र निकलवाया गया,पूर्व सैनिक व कांस्टेबल ने दी दरोगा भर्ती की परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर शनिवार को आयोजित लिखित परीक्षा में शामिल महिलाओं के गले से मंगलसूत्र निकलवाया गया। परीक्षा में पूर्व सैनिक और कांस्टेबल ने भी भर्ती की परीक्षा दी।
जौनपुर से लखनऊ पहुंची पूनम कुमारी की प्रथम पाली में परीक्षा थी। वह सुबह 8 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंच गईं। भर्ती परीक्षा के नियमों के तहत सुरक्षा की दृष्टि से हर स्तर पर चेकिंग की गई। उन्होंने बताया कि चेकिंग में पैर से पायल, गले से मंगलसूत्र और कान से सोने की बालियां निकलवा दी गई। परीक्षा केंद्र के अंदर पानी का बोतल और घड़ी पहनकर जाने पर भी पाबंदी थी।
सोनभद्र के रहने वाले महेश कुमार यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वे राजधानी के नेशनल पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देंगे पहुंचे। बताया कि अभी पुलिस विभाग में सेवा दे रहा हूं लेकिन, दरोगा भर्ती की परीक्षा दे रहा हूं। पेपर अच्छा हुआ है। उम्मीद है कि पास हो जाएंगे। इंडियन आर्मी से सेवानिवृत्ति मोहम्मद हुसैन ने बताया कि नेतृत्व करने का हौसला है अब यूपीपी की वर्दी पहनने के लिए संघर्ष कर रहा हूं।