अखिलेश को योगी का जवाब: बोले- फार्म-7 के नाम पर फर्जी बातें हो रहीं, उनके पास कुछ अच्छा नहीं, तो बोल नहीं पाए
विधान परिषद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फार्म-7 और एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग प्रक्रिया चला रहा है और सरकार की भूमिका नहीं है। सीएम ने कानून व्यवस्था, एयर कनेक्टिविटी और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया।
विस्तार
यूपी विधान परिषद में सीएम योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान अखिलेश यादव की बात का जवाब दिया। उन्होंने कहा, बजट के बारे में सपा अच्छा नहीं बोल पाई। उनके पास कुछ अच्छा है नहीं तो अच्छा बोल नहीं पाए। सपा जातीय संघर्षों को बढ़ावा देती है। आपस में लड़ाती है। आस्था को अपमानित करती है। सांविधानिक मूल्यों पर भी प्रहार करने से पीछे नहीं रहते हैं।
एसआईआर भारत निर्वाचन आयोग करवा रहा है। इसमें सरकारों का रोल नहीं होता है। 2 करोड़ 88 लाख लोग या तो मृत पाए गए, या शिफ्टिंग किए गए। सपा इन्हें फर्जी वोट बनाकर मतदान कराती थी। तभी फार्म-7 के नाम पर फर्जी बातें करती है। इनके कार्यकर्ता बीएलओ के साथ मारपीट कर रहे हैं। ये सांविधानिक मूल्यों का अपमान है। ये किसी भी प्रकार स्वीकार नहीं हो सकता है।
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष का हंगामा, बेहद खराब
सीएम ने कहा, कानून व्यवस्था का मतलब रूल ऑफ लॉ है। यूपी फियर (भय) जोन से फेथ जोन में बदल गया है। महाशिवरात्रि के अवसर पर 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया। आज जो श्रद्धालु प्रदेश में आ रहे हैं, उन्हें आज की व्यवस्था पर भरोसा है। 2017 के बाद से न कर्फ्यू है, न दंगा है। यूपी में सब चंगा है। आज प्रदेश की पुलिस में 44 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी हो गई हैं। पहले ट्रेनिंग सेंटर नहीं थे। आज जितनी भी भर्तियां हो रही हैं, उन सबकी ट्रेनिंग हम अपने सेंटर में कर रहे हैं। अब खपरैल वाले कमरे नहीं हैं। आधुनिक बैरक बनाए गए हैं।
कुछ अच्छा किया और न ही अच्छा बोल पाएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने जनकल्याण, रोजगार सृजन, निवेश विस्तार के साथ ही सामाजिक सुरक्षा के माध्यम से सशक्त, सुरक्षित व समृद्ध प्रदेश के रूप में अपनी नई पहचान को बनाया है। हमारा लक्ष्य प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप 2029-30 में यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी के रूप में स्थापित करना है। हमने बजट भी उस दिशा में ही प्रस्तुत किया है।
सीएम योगी ने कहा कि बजट के बारे में समाजवादी पार्टी अच्छा नहीं बोल पाई, क्योंकि अच्छा करने के लिए उनके पास समय नहीं है। उन्होंने न अच्छा किया और न ही अच्छा बोलेंगे। हमारी सरकार ने डबल इंजन सरकार का लाभ लेते हुए पूरी मजबूती के साथ प्रदेश में प्रधानमंत्री के विजन को बढ़ाया है। सीएम ने कहाकि बहुत सारे सेक्टर हैं, जिसमें यह लोग गुमराह कर रहे हैं।
समाज को लड़ाने के साथ ही संवैधानिक मूल्य पर भी प्रहार करने से नहीं चूक रहे सपाई
सीएम ने संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विपक्षी दलों के भाव की निंदा की। बोले कि समाजवादी पार्टी के नेता बयानों से जातीय संघर्षों को बढ़ावा देते हैं। समाज को आपस में लड़ाने, आस्था का अपमान, गुंडागर्दी व अराजकता को बढ़ाने के साथ संवैधानिक मूल्य पर भी प्रहार करने में नहीं चूक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में एसआईआर की कार्यवाही चल रही है।
इसमें सरकारों की कोई भूमिका नहीं होती है। आयोग की गाइडलाइन पर तंत्र उसका अनुपालन करता है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर की कार्यवाही का जिक्र करते हुए सदन में मुख्यमंत्री ने बताया कि 2.88 करोड़ से अधिक लोग अनुपस्थित/मृत या शिफ्टिंग हैं। समाजवादी पार्टी इन्हें जबर्दस्ती वोट बनाकर फर्जी पोलिंग करती थी। सपा चिल्ला रही है कि फॉर्म-7 के नाम पर फर्जी काम हो रहा है। सीएम ने आयोग द्वारा बनाई गई फॉर्म-6, फॉर्म-7 व फॉर्म-8 की व्यवस्था की उपयोगिता बताई।
एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े लोगों के साथ मारपीट कर रहे सपा कार्यकर्ता
सीएम ने कहा कि सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एसआईआर की प्रक्रिया से जुड़े बीएलओ और अन्य लोगों के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट कर रहे हैं, यह शोभा नहीं देता। यह संवैधानिक संस्थाओं की अवहेलना, मजाक, अपमान है। अगर हम संविधान की शपथ लेते हैं तो संवैधानिक संस्थाओं को सम्मान दें। संवैधानिक संस्थाओं की परिभाषा अपने अनुरूप तय करें, य़ह अस्वीकार्य है।
अखिलेश यादव ने कहा था- भाजपा की एक गुप्त बैठक हुई थी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा, विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान भाजपा पीडीए और खासकर अल्पसंख्यकों के वोट कटवाने की साजिश कर रही है। फॉर्म-7 के जरिये भाजपा वोटों की चोरी कर रही है। आयोग कार्रवाई नहीं कर रहा है। भाजपा सरकार वोट काटकर चुनाव जीतना चाहती है।
सपा प्रमुख का दावा है कि बीजेपी की एक गुप्त बैठक में यह तय किया गया था कि हर विधानसभा में वोट कटवाए जाएंगे। उन्होंने कन्नौज का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के एक नेता ने भी बयान दिया था कि ज्यादा पढ़ा-लिखा कभी-कभी गलती कर देता है। भाजपा को ये बात पता है कि इस बार यूपी का चुनाव वो जीत नहीं रहे हैं। इसलिए वो ऐस हरकत कर रहे हैं। कैसे सामने वाला का वोट काटें। लेकिन जनता सब जानती है। हर बात का जवाब देगी। हम भी शांत नहीं रहेंगे। वोट में घोटाला होने नहीं देंगे।