पीएम मोदी की आगवानी के लिए शहर को सजाया जा रहा है। एयरपोर्ट से पीएम के कार्यक्रम स्थल वाले रूट पर दिनरात काम चल रहा है। पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और जीडीए की ओर से किए जा रहे कार्य अब नजर भी आने लगे है। पीएम के रूट पर दीवारों की खूबसूरती लुभाने लगी है। वहीं फुटपाथ भी संवर रहे हैं।
PM मोदी का आगमन: गोरखपुर में लुभा रही दीवारों की खूबसूरती, संवर रहे फुटपाथ
पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क के फुटपाथ, डिवाइडर और सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है। बुधवार की सुबह 11.29 बजे एयरपोर्ट रोड पर रामगढ़ताल पुल के दोनों ओर तेजी से काम चल रहा था। सड़क की तरफ मिट्टी पटाई कराने के लिए जीडीए के सहायक अभियंता एके तायल मजदूरों को निर्देश दे रहे थे। उनके साथ मौजूद संपत्ति अधिकारी यशवंत सिंह होर्डिंग ठीक करा रहे थे। नाव सवार मजदूर नीचे के हिस्से में सफाई करते दिखे।
दूसरी ओर ताल के किनारों पर बोल्डर पिचिंग की गई है। किनारे नई जाली लगाई गई है। बोल्डर की रंगाई पुताई का काम चल रहा था। साथ ही पटरियों फुटपाथ को दुरुस्त करने के लिए गिट्टी बिछाकर बराबर किया जा रहा था। यहां से गुजर हर लोग यही कह रहे थे कि चलो इसी बहाने शहर तो संवर जाएगा।
पेंटिंग से बढ़ा रहे दीवारों की सुंदरता, नालों और डिवाइडर की रंगाई पुताई
एयरपोर्ट से गीता प्रेस और रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले रास्तों पर काम चल रहा है। पीडब्ल्यूडी की ओर से एक ओर सड़कों और पटरियों को ठीक कराया जा रहा है। वहीं एयरफोर्स परिसर, जीआरडी, एम्स, अंडरपास, व्ही पार्क, विश्वविद्यालय छात्रावास सहित अन्य दीवारों पर पेंटिंग बनाई जा रही है। सुबह 11.50 बजे एम्स के पास पेंटिंग कर रहे खलीलाबाद के प्रकाश गौतम ने बताया कि उनके साथ बलिराम और संदेश सहित 25 से अधिक लोग खलीलाबाद से आए हैं। अन्य जगहों से आए पेंटर भी काम कर रहे हैं।
जीडीए ने हटवाया अतिक्रमण
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कूड़ाघाट के पास रामगढ़ताल के किनारे से खानपान की कई दुकानाें को हटवा दिया है। जीडीए के ओएसडी पीके सिंह और प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने राजस्व विभाग की टीम बुलाकर जांच की। अतिक्रमण करके दुकान चलने पर उसे हटवा दिया। बुलडोजर से अन्य अतिक्रमण भी हटाए गए।
रेलवे ट्रैक के स्लीपर की पेटिंग, सड़क और नाली की मरम्मत
पीएम के रूट पर पिच सड़क को पीडब्ल्यूडी दुरुस्त करा रहा है। एयरफोर्स के सामने तारकोल गिराकर सड़कों की मरम्मत करते हुए मजदूर मिले। सड़क के दोनों ओर पटरियों की मरम्मत और नालियों को ठीक कराया जा रहा है। नालियों के स्लैब भी रंगे जा रहे हैं। एयरपोर्ट, कूड़ाघाट, मोहद्दीपुर, पार्क रोड, गोलघर के डिवाइडर की रंगाई पुताई सहित अन्य काम चल रहे थे। नंदानगर रेलवे गेट पर गोरखपुर छावनी गैंग के ट्रैकमैन विजय कुमार, अवधेश कुमार सहित छह लोग ट्रैक के स्लीपर की सफाई और पेटिंग करते मिले। पार्क रोड पर खाली जमीन पर बने गैराज को हटाकर साफ सफाई कराई जा रही थी।
पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क की मरम्मत, नाली , डिवाइडर और फुटपाथों को ठीक कराया जा रहा है। इसमें करीब 96 लाख रुपये के खर्च होने का अनुमान है। पीडब्ल्यूडी से जुड़े लोगों का कहना है कि सभी कामों के लिए बजट जारी कर दिया गया है।
इन कामों को करा रहा पीडब्लयूडी
| काम | अनुमानित लागत |
| घोष कंपनी चौराहे से रेती चौक तक सड़क सुधार | 20 लाख |
| आंबेडकर चौराहे से शास्त्री चौक सड़क सुधार कार्य | 15 लाख |
| छात्रसंघ से शास्त्री चौक तक डिवाइडर पेटिंग | 3.50 लाख |
| कचहरी चौराहे से गणेश चौराहे तक डिवाइडर पेटिंग | 4.50 लाख |
| घोष कंपनी से रेती चौक तक सुरक्षा कार्य | 9.50 लाख |
| एयरपोर्ट से लेकर मोहद्दीपुर चौराहे तक पटरी मरम्मत सहित अन्य कार्य | 18.50 लाख |
| मोहददीपुर से एयरपोर्ट तक काम | 7.80 लाख |
| यूनिवर्सिटी चौराहा से गणेश चौराहे तक पटरी मरम्मत , इंटरलाकिंग | 5.00 लाख |
| गणेश चौराहे से यातायात कार्यालय तक सुरक्षात्मक सहित अन्य कार्य | 7.00 लाख |
| एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर होते हुए गीता प्रेस तक बैरीकेडिंग, रोड बैरियर सहित अन्य काम | 5.50 लाख |
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड तीन अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने कहा कि पीएम के कार्यक्रम को आवश्यक तैयारी की जा रही है। सड़कों की मरम्मत, डिवाइडर की रंगाई पुताई और फुटपाथ को दुुरुस्त कराया जा रहा है। जल्द ही सारे पूरे करा लिए जाएंगे।