सप्ताह भर से धरती तप रही है। आसमान से अंगारे बरस रहे हैं, बारिश का अता-पता नहीं है। हर किसी का हाल बेहाल है। आषाढ़ की दुपहरी में पांव ही नहीं अब तो शरीर भी जल रहे हैं। जिन सड़कों पर आम दिनों में जाम का नजारा आम रहता है, वहां दोपहर में सन्नाटा पसर जा रहा है। लेकिन थोड़ी सी लापरवाही से इस भीषण गर्मी में लोग बीमार भी खूब हो रहे हैं। लेकिन, अगर पहनावे, खानपान में थोड़ी सी सावधानी बरतें तो गर्मी से बच सकते हैं।
उफ! ये आषाढ़ की गर्मी: पांव भी जले और शरीर भी, बचकर रहे वरना होंगे बीमार
अस्पतालों में समय ज्यादातर मरीज उल्टी-दस्त, बुखार और आंखों में एलर्जी के आ रहे हैं। हीट स्ट्रोक के भी केस बढ़े हैं। खानपान में सुधार लाएं। तली-भुनी न खाएं, हरी सब्जियों और सलाद को खाने में शामिल करें। पेय पदार्थ ज्यादा लें और फैशन की जगह शरीर को ढक कर निकलें तो बहुत कुछ राहत मिल सकती है। डाक्टर भी यही सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि बहुत सारी प्राकृतिक चीजें हैं, जिनका इस्तेमाल कर हम सेहत को चुस्त दुरूस्त रख सकते हैं। मसलन, खीरा, ककरी, तरबूज, खरबूज, नारियल पाली, सत्तू आदि का सेवन करें तो फायदा ही होगा।
इसे भी पढ़ें: तीन दोस्तों के शव देख बेहोश हो गया प्रकाश, बोला- भगवान ने मुझे क्यों छोड़ दिया
नानवेज से परहेज करें वरना बिगड़ जाएगा हाजमा
फिजिशयन डॉ गौरव पांडेय ने कहा कि जब भी तापमान 40 पार होता है, पाचन तंत्र पर असर पड़ता है। तली-भुनी चीजें तो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं। नॉनवेज से परहेज करना चाहिए। नॉनवेज पचने में ज्यादा समय लेता है। इससे हाजमा खराब हो सकता है। इस समय अगर लगातार नॉनवेज खाते हैं तो उल्टी-दस्त की समस्या हो सकती है। ज्यादातर मरीज भी उल्टी और दस्त के ही आ रहे हैं। तरल पदार्थ का सेवन ही ज्यादा करना चाहिए। फास्ट फूड मत खाएं। खाने में सलाद की मात्रा बढ़ाएं। जूस, नारियल पानी, मट्ठा पीएं। हां, एक बात और जिसे सभी को ध्यान में रखना होगा कि पानी की मात्रा कम न करें। खूब पानी पीएं...गर्मी में लू से बचने का इससे कारगार उपाय कुछ और नहीं है।
इसे भी पढ़ें: फेसबुक पर प्यार, शादी की फिर घर से निकाला, महिला ने दर्ज कराया केस
आंखों में हो रही एलर्जी, ठंडे पानी से धोते रहें
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ वाई सिंह ने कहा कि इस समय बैक्टिरियल कंजक्टिवाइटिस के ज्यादा मामले आ रहे हैं। धूल और तेज गर्मी से आंखों में एलर्जी हो रही है। खुजली और पानी गिरने लग रहा है। इससे बचने के लिए दिन में दो से तीन बार ठंडे पानी से आंखों को धुल लें। जो लोग स्वीमिंग पुल में जा रहे हैं, उन्हें बैक्टिरियल कंजक्टिवाइटिस होने की संभावना ज्यादा रहती है। आंखों में इस तरह की समस्या हो तो तत्काल डॉक्टर से परामर्श लें।
इसे भी पढ़ें: राप्ती नदी में नहाने गए बच्चे की डूबने से मौत, बचाने गए दो युवक भी डूबे
लू से बचने का आसान फंडा...सादा भोजन करें, जौ और चना का सत्तू पीएं
आयुर्वेद एमडी डॉ. आशीष त्रिपाठी ने कहा कि भीषण गर्मी से बचने के लिए पहनावा और खानपान पर ध्यान देना आवश्यक है। गरिष्ठ भोजन की जगह सादा भोजन का प्रयाेग करें। हर दो घंटे पर कम से कम दो ग्लास पानी का सेवन जरूर करें। बाहर निकलना जरूरी हो तो हल्के पूरे बांह का कपड़ा पहन कर निकलें। टोपी, गमछा और छाता का प्रयोग करें। घर से निकलने से पहले जौ का सत्तू का सेवन कर के निकलने। जिनको शूगर है वह जौ व चना के सत्तू का सेवन कर घर से निकले। खाली पेट कत्तई न रहें। शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए पानी का प्रयोग करने के साथ समय-समय पर ककरी, खीरा, तरबूज का सेवन करते रहें। इसके साथ दाल, हरी सब्जी, छाछ, दूध का अधिक से अधिक सेवन करें। गर्म पेय पदार्थ का सेवन करने से बचें। अगर ये सावधानियां बरतें तो गर्मी से बचे रहेंगे, लू का असर नहीं होगा।
इसे भी पढ़ें: माफिया अजीत शाही के कब्जे पर चला पुलिस का बुलडोजर, कोर्ट में कर चुका है आत्मसमर्पण