मथुरा के चांदी कारोबारी प्रदीप अग्रवाल से 43 लाख रुपये जीएसटी अधिकारियों ने दलाल मुकेश सिंह की मुखबिरी पर लूटे थे। दलाल कारोबारी की कार का लखनऊ से पीछा कर रहा था। उसने अधिकारियों को बताया था कि कार में लाखों का कैश और दो नंबर की चांदी रखी है। इसके लिए उसे एक लाख रुपये मिलने थे। पुलिस को यह जानकारी जीएसटी अधिकारी शैलेंद्र कुमार से रिमांड पर मिली है। पुलिस ने दलाल मुकेश सिंह को भी साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मथुरा के चांदी कारोबारी प्रदीप अग्रवाल से 30 अप्रैल को लूट हुई थी। इस मामले में थाना लोहामंडी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, धोखाधड़ी सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी वाणिज्य कर के असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार, सिपाही संजीव कुमार और निजी गाड़ी के चालक दिनेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जीएसटी अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने 17 सितंबर को मेरठ कोर्ट में समर्पण कर दिया था। उसको जेल भेजा गया था।
आगरा पुलिस की रिमांड पर उगले राज: दलाल की मुखबिरी पर जीएसटी अधिकारियों ने कारोबारी से लूटे थे 43 लाख रुपये
थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि शैलेंद्र कुमार को तीन दिन की कस्टडी रिमांड पर लिया गया। उससे लूट की रकम के डेढ़ लाख रुपये बरामद किए गए। पूछताछ भी की गई। उसने कई जानकारी दीं। बताया कि मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र स्थित गांव खामनी निवासी मुकेश सिंह उनके कार्यालय का दलाल है। वह अधिकारियों को व्यापारियों के माल और कैश लेकर आने की सूचनाएं देता था।
मिल पाए 25 हजार रुपये
थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार के मुताबिक, मुकेश सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसने कारोबारी को पकड़वाने के लिए अधिकारियों से एक लाख रुपये तय किए थे। कारोबारी के जयपुर हाउस स्थित कार्यालय आने पर ही उसे अधिकारियों से 25 हजार रुपये मिल गए थे। बाकी रकम बाद में मिलती। अगले दिन उन्हें पता चला कि कारोबारी ने शिकायत कर दी है। इस पर वो फरार हो गया। अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। इसके बाद दिल्ली में अपने परिचितों की मदद से छिपा हुआ था। उसे यह नहीं पता था कि पुलिस उसे भी पकड़ लेगी। अधिकारी सहित चार के जेल जाने के बाद बेफिक्र हो गया था।
40.5 लाख रुपये की बरामदगी मुश्किल
कारोबारी से 43 लाख रुपये की लूट की गई। पुलिस ने आरोपी निलंबित अधिकारी अजय कुमार से एक लाख रुपये गिरफ्तारी के बाद बरामद किए थे। शैलेंद्र कुमार से 1.50 लाख रुपये बरामद किए। अब बाकी के 40.50 लाख रुपये कहां गए, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। लूट की रकम को अधिकारियों ने कहां छिपाया, यह पता करना जरूरी है।
चांदी कारोबारी से 43 लाख रुपये हड़पने का मामला: आरोपी सिपाही गिरफ्तार, अधिकारी फरार, पढ़िए पूरा मामला