मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरुवार को आगरा आगमन पर पुलिस ने अजीत नगर गेट से लेकर राजामंडी चौराहे तक ट्रैफिक रोक दिया। शहर की लाइफ लाइन मानी जाने वाली एमजी रोड के आसपास तीनों सरकारी अस्पतालों सहित 150 से अधिक निजी अस्पताल हैं। शहर में लगे कोरोना कर्फ्यू की वजह से मरीज, उनके तीमारदार और जरूरी काम से ही लोग घरों से निकले थे। मगर, ट्रैफिक में घंटों फंसे रहने से उनका हाल-बेहाल हो गया। उनको कहना था कि इस परेशानी भरे कोविड काल में दो घंटे तक बैरिकेड पर रोकना कहां का न्याय है?
आगरा: सीएम के आगमन पर रास्ता रोका, जाम में फंसे मरीज-तीमारदार, लोग बोले- कोरोना काल में यह कैसा न्याय ?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री एयरपोर्ट पर आने के बाद सबसे पहले पथौली गांव गए। उनके आगमन से पहले पुलिस ने अजीत नगर गेट से लेकर राजामंडी चौराहे तक ट्रैफिक रोक दिया। कोरोना कर्फ्यू होने की वजह से मरीज, उनके तीमारदार के अलावा यात्री और जरूरतमंद लोग ही बाहर निकले थे। लोगों के वाहन जाम में फंस गए। शाम तकरीबन 5.15 अजीत नगर गेट से लेकर मुख्यमंत्री का काफिला एमजी रोड पर आया। काफिला निकलने के बाद भी यातायात शुरू नहीं कराया गया।
कई लोग मरीजों के लिए दवा, खाना लेकर जा रहे थे। वहीं जाम में एंबुलेंस भी फंस गई। उन्हें पुलिस आगे निकलने नहीं दे रही थी तो पीछे वाहन फंसे होने की वजह से नहीं निकल पाए। एंबुलेंस में फंसे मरीजों को ले जाने के लिए लोग पुलिस से गुहार लगाते रहे।
डेढ़ घंटा लगा चौराहा पार करने में
ईदगाह कटघर निवासी समर चौधरी ने कहा कि जिला अस्पताल जाना था, साईं का तकिया चौराहे पर रोक लिया, पैदल भी नहीं निकलने दिया। पुलिसकर्मियों से पूछा तो वह बोले-मुख्यमंत्री जी आने वाले हैं। जब सीएम का काफिला निकल गया तब रास्ता खोला। चौराहा पार करने के लिए डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा।
पंचकुइयां निवासी रूपेंद्र पाल ने कहा कि एसएन अस्पताल में पिताजी भर्ती हैं। शाम को साढ़े चार बजे सामान लेने घर आया, वापस शाम को सवा पांच बजे अस्पताल जाने के लिए निकला तो नालबंद चौराहे पर रोक लिया। कोविड काल में दो घंटे इंतजार कहां का न्याय है। सदर बाजार निवासी राजेश सोलंकी ने कहा कि शाम साढ़े पांच बजे सदर से दिल्ली गेट के एक डॉक्टर को दिखाने के लिए निकला था, पहले प्रतापपुरा चौराहे से पहले ही रोक लिया, कहा कि मुख्यमंत्री का काफिला गुजर रहा है, नामनेर होकर साईं का तकिया आया तो यहां भी एमजी रोड बंद था, जो मुख्यमंत्री के निकलने के बाद ही खोला गया। दो घंटे जाम में फंसा रहा।