भारत जोड़ो यात्रा के लिए आज राहुल गांधी बागपत पहुंचेंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रूट डायवर्ट प्लान बनाकर लागू कर दिया है। जिससे बसों का संचालन भी पूरी तरह बंद कर दिया गया और लोगों का दिल्ली का सफर थम गया। जहां लोग गंत्व्य तक जाने के लिए कड़ाके की ठंड में जद्देजहद करते नजर आये और जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हो गए।
भारत जोड़ो यात्रा: रूट डायवर्ट होने से बढ़ी परेशानी, कड़ी ठंड में जान जोखिम में डालकर सफर करने का मजबूर लोग
पुलिस ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। जिसके तहत तीन जनवरी को सुबह दस बजे से शामली, मुजफ्फरनगर, बड़ौत, हरियाणा की तरफ से आने वाले वाहनों को बागपत के राष्ट्र वंदना चौक से मेरठ रोड पिलाना भट्ठा होते हुए ढिकौली, चिरौड़ी, बंथला से गाजियाबाद व दिल्ली भेजा जाएगा। दिल्ली व गाजियाबाद से आने वाले वाहन भी तीन जनवरी को इस तरह ही आएंगे।
चार जनवरी को इस रूट पर सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। तीन जनवरी की सुबह दस बजे से चार जनवरी की रात 12 बजे तक दिल्ली व गाजियाबाद की तरफ से दिल्ली-सहारनपुर पर आने वाले वाहनों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। आज सुबह दस बजे से चार जनवरी की रात 12 बजे तक ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर गाजियाबाद व कुंडली हरियाणा की तरफ से आने वाले वाहनों के बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर उतरने पर रोक रहेगी।
युवक मनोज ने बताया कि दो घंटे से वह बस का इंतजार कर रहा है, लेकिन अभी तक बस नहीं आई। जहां से डग्गामार वाहनों के भरोसे ही सफर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रूट डायवर्ट किया जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्र वंदना चौक पर घंटों इंतजार करने के बाद भी बस नहीं मिलने पर यात्री जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हटे। जिसके चलते गैस सिलिंडरों का ट्रक रुकते ही यात्रियों की भीड़ ट्रक पर लटक गई और जबरदस्ती ट्रक में बैठ गए। हालांकि ट्रक चालक ने कुछ लोगों को उतारने का प्रयास भी किया, लेकिन लोग नही उतरे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पुलिस ने पहले ही रूट डायवर्ट कर दिया था। जिसके चलते दिल्ली व गाजियाबाद जाने वाले वाहनों को मेरठ रोड पर पिलाना भट्ठे से होते हुए निकाला गया। इसके बाद वाहन गाजियाबाद व दिल्ली में पहुंचे।