उत्तर प्रदेश के एटा में बुधवार को चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन मंदिरों में भक्तों की अपार भीड़ पहुंची। इसके अलावा लोगों ने घरों में घट स्थापना की। अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर माता-रानी की पूजा-अर्चना के साथ उपवास शुरू किया। वहीं देवी मंदिरों में सुबह से रात तक मां शैलपुत्री के पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इससे पहले मंदिरों में तैयारियां पूरी की गईं। चारों तरफ देवी मां के जयकारे गुंजायमान हो उठे। आरती के दौरान घंटे-घड़ियाल गूंजे तो शाम के समय जगह-जगह कीर्तन चले।
Navratri 2023: सज गया माता का दरबार, भक्तों की भीड़ अपार, आरती के साथ गूंजे घंटे-घड़ियाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुरक्षा व यातायात की व्यवस्था रही धड़ाम
अलीगंज में प्रमुख देवी मंदिरों पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम नहीं किए। माता महाकाली मंदिर के पुजारी वीरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह मंदिर परिसर में भक्तों की अधिक भीड़ थी। मुख्य बाजार में मंदिर होने के बावजूद वाहनों का आना-जाना लगा रहा। पुलिस ने सुरक्षा व यातायात की कोई व्यवस्था नहीं की। रात में माता महाकाली की महाआरती में सैकड़ों भक्त उपस्थित रहते हैं। इसको लेकर भी इंतजाम नहीं हैं।
मंदिरों में उमड़ी दर्शनार्थियों की भीड़
सकीट में भक्तों ने उपवास रखकर कलश स्थापना के बाद मां शैलपुत्री स्वरूप की आराधना की। शीतला मंदिर, पथवारी मंदिर काली मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। मिष्ठान, फल-फूल, नारियल, श्रंगार की सामग्री और चुनरी आदि भेंट करते हुए भक्तों ने माता रानी के जयकारे लगाए। मारहरा में मां दुर्गा मंदिर, शीतला मंदिर, चामुंडा मंदिर, पथवारी मंदिर, काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। दिनभर मां के जयकारे और घंटे-घड़ियाल से मंदिर गूंजते रहे।
मां भगवती के जागरण में झूमे श्रद्धालु
जैथरा नगर के बढ़ैयान मोहल्ला में सोमवार की रात स्थानीय लोगों ने मां भगवती का जागरण कराया। निवर्तमान चेयरमैन विजेंद्र सिंह चौहान ने मां भगवती का तिलक और आरती कर शुभारंभ किया। मैनपुरी की हल्लू हटीला पार्टी ने चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है भजन गाकर शुरुआत की। देर रात तक चले जागरण में श्रोताओं ने माता के गीतों पर जयकारों के साथ आनंद लिया। जागरण पार्टी के कलाकारों ने झांकियों के दर्शन कराए। नीतू गोस्वामी, दीपक सक्सेना, अजय सक्सेना, विजेंद्र शर्मा पेंटर, गौरीशंकर गुप्ता आदि मौजूद रहे।
हमारे मंदिर: 58 साल पुराना है जनता दुर्गा मंदिर
जीटी रोड स्थित दीनदयाल चौराहा स्थित जनता दुर्गा मंदिर करीब 58 साल पुराना है। मंदिर के महंत चंद्रप्रकाश गुप्ता ने बताया कि इसका निर्माण वर्ष 1965 में कराया गया था। इससे पहले इस स्थान पर पत्थर की प्रतिमा रखी हुई थी और एक पीपल का वृक्ष था। कुछ भक्त ही वहां पूजा-अर्चना के लिए आते थे। बाद में जन सहयोग से मंदिर का निर्माण कराया गया।
मंदिर में दुर्गा माता की बड़ी प्रतिमा लगवाई गई, अनुष्ठान हुए। इसके बाद लोगों ने सहयोग करके मंदिर में कई अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित कराई। जनता के सहयोग से मंदिर का नाम ही जनता दुर्गा मंदिर हो गया। मंदिर पर नवरात्र के दिनों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ जुटती है। मान्यता है कि यहां पूजा-अर्चना करने वालों की सभी मनोकामना माता रानी पूरी करती हैं।