बागपत जनपद में खेकड़ा थानाक्षेत्र के गांव घिटौरा में रविवार दोपहर अवैध रूप से पटाखे बनाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान विस्फोटक पदार्थ में जोरदार धमाका हो गया। धमाके से पूरा मकान दहल गया और छत धराशायी हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
Baghpat: पांच साल से अवैध रूप से बनाए जा रहे थे पटाखे, हादसे के बाद जागे अधिकारी
प्रशासनिक रिकार्ड के अनुसार जिले में वर्ष 2017 से पहले तक पटाखे बनाने के 27 लाइसेंस थे। इनमें सबसे ज्यादा बड़ौत तहसील क्षेत्र में पटाखे बनाए जाते थे, तो उसके बाद बागपत के सिंघावली अहीर क्षेत्र के कई गांवों में पटाखे बनाने के लाइसेंस लिए हुए थे। इन लाइसेंस को वर्ष 2017 में निलंबित कर दिया था, लेकिन इसके बाद भी हर साल दिवाली पर अवैध रूप से पटाखे बनाए जाते हैं और उनको बेचा भी जाता है।
हर बार हादसा होने के बाद ही पुलिस और प्रशासन जागता है। यह घटना होने के बाद एसडीएम खेकड़ा अपूर्वा यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सभी लेखपालों को गांवों में भ्रमण करने के निर्देश दिए है, अगर कहीं पटाखे बनाए जाते है तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
पटाखे बनाते हुए विस्फोट होने से एक की मौत तो कई झुलस चुके
सिंघावली अहीर क्षेत्र के तिलपनी गांव में अवैध रूप से पटाखे बनाए जाते हैं। जहां सितंबर 2021 में मकान में पटाखे बनाते हुए विस्फोट होने से हबीबुर रहमान की मौत हो गई थी। जबकि नवंबर 2021 में पटाखा गोदाम में आग लगने से बड़ा धमाका हुआ था। उसमें करीब दस महिलाएं झुलस गईं थीं।
दिवाली को देखते हुए पुलिस को गांवों में विशेष नजर रखने के निर्देेश दिए गए हैं। जिससे अवैध रूप से पटाखे बनाने वालों पर कार्रवाई हो सके। अवैध रूप से कोई पटाखे बेचता है तो उस पर भी कार्रवाई होगी। लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई होगी। - नीरज कुमार जादौन, एसपी